यह ख़बर 21 जुलाई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

खाद्य महंगाई दर में गिरावट, 7.58% हुई

खास बातें

  • प्याज, दूध, अंडें और मांस जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में गिरावट के कारण खाद्य मुद्रास्फीति की दर घटकर 7.58 फीसदी हो गई।
New Delhi:

प्याज, दूध, अंडें और मांस जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में गिरावट के कारण इस महीने की नौ तारीख को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान खाद्यान्न मुद्रास्फीति की दर घटकर 7.58 फीसदी हो गई जो कि इससे पूर्व के सप्ताह में 8.31 फीसदी थी। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक दो जुलाई को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान महंगाई दर में वृद्धि दर्ज की गई थी। आंकड़ों के मुताबिक समीक्षाधीन अवधि के दौरान प्राथमिक वस्तुओं का सूचकांक 11.58 फीसदी से गिरकर 11.13 फीसदी पर गया, जबकि ईंधन और बिजली सूचकांक 11.89 फीसदी पर बना रहा। गैर खाद्य वस्तुओं के सूचकांक में हालांकि मामूली बढ़त दर्ज की गई और यह समीक्षाधीन सप्ताह में 15.2 फीसदी के मुकाबले 15.5 फीसदी रहा। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान प्याज की कीमत में वार्षिक आधार 19.68 फीसदी की तेजी दर्ज की गई जबकि पिछले सप्ताह में इसमें 30.72 फीसदी की तेजी दर्ज की गई थी। दूध की कीमतों में वार्षिक आधार पर 10.76 फीसदी की जबकि अंडा, मांस और मछली की कीमत में तेजी की दर 7.97 फीसदी दर्ज की गई।  पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में विभिन्न वस्तुओं की कीमतों में आया बदलाव निम्नलिखित है : सब्जी : 4.31 फीसदी फल : 15.84 फीसदी आलू : 4.2 फीसदी मोटे अनाज : 4.77 फीसदी चावल : 1.32 फीसदी गेहूं : 2.4 फीसदी दालें : (-)7.67 फीसदी


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com