यह ख़बर 14 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

मई में महंगाई बढ़कर 9.06 प्रतिशत हुई

खास बातें

  • देश में मई महीने में महंगाई दर बढ़कर 9.06 प्रतिशत हो गई, जो कि अप्रैल में 8.66 प्रतिशत दर्ज की गई थी।
New Delhi:

 देश में मई महीने में महंगाई दर बढ़कर 9.06 प्रतिशत हो गई, जो कि अप्रैल में 8.66 प्रतिशत दर्ज की गई थी। महंगाई दर में इस वृद्धि से देश के आर्थिक नीति-निर्माताओं की चिंता में और वृद्धि हुई है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक मार्च महीने में मुद्रास्फीति की संशोधित दर  9.68 प्रतिशत घोषित की गई है जो कि पहले 9.04 प्रतिशत आकलित की गई थी। मुद्रास्फीति की दर में इस वृद्धि का असर 16 जून को होने जा रही भारतीय रिजर्व बैंक की अर्ध तिमाही समीक्षा पर पड़ सकता है। इस दौरान बैंक प्रमुख ब्याज दरों में 25 आधार अंक की वृद्धि कर सकता है। मंगलवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक विनिर्माण उत्पादों की कीमतों में मई महीने में 7.27 प्रतिशत की वृद्धि हुई है जबकि प्राथमिक क्षेत्र की वस्तुओं की कीमत 11.3 प्रतिशत की दर से बढ़ी हैं। मई महीने में खाद्य पदार्थो की कीमतों में 8.37 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा हाल ही में शहरी परिवारों में कराए गए सर्वेक्षण में महंगाई को लेकर निराशाजनक तस्वीर सामने आई है। शहरी परिवारों का मानना है कि अप्रैल से जून तिमाही में महंगाई दर 40 आधार अंक और बढ़कर 11.9 प्रतिशत हो जाएगी और इस वित्तीय वर्ष में कुल 120 आधार अंक बढ़कर 12.7 प्रतिशत हो जाएगी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com