खास बातें
- सेंसेक्स 132.27 अंकों की गिरावट के साथ 16857.51 पर जबकि निफ्टी 45.65 अंक गिरकर 50725.85 पर बंद हुआ।
मुंबई: वैश्विक अनिश्चितता के माहौल में देश के शेयर बाजारों में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में आई तेज गिरावट के बाद दोपहर में थोड़ा सुधार देखा गया। शाम के समय प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 132.27 अंकों की गिरावट के साथ 16857.51 पर जबकि निफ्टी 45.65 अंक गिरकर 50725.85 पर बंद हुआ। सुबह नौ बजे सेंसेक्स 472.31 अंक गिरकर 16517.87 पर जबकि निफ्टी 170.60 अंक गिरकर 4947.90 पर खुला था। यूरोपीय बाजार के खुलने के साथ मिले कुछ सकारात्मक संकेतों के कारण बाजार में जबरदस्त सुधार हुआ। दोपहर में 12.30 से एक बजे के बीच सूचकांकों में आए उछाल को देखकर ऐसा लगा कि मंगलवार को बाजार सकारात्मक रुख के साथ बंद होगा, लेकिन कुछ ही समय बाद इसमें फिर गिरावट आ गई। करीब 12.50 बजे बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 144.86 अंकों की बढ़त के साथ 17135.04 के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) निफ्टी भी 48.50 अंकों की बढ़त के साथ 5167.00 के स्तर को छुआ। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी गिरावट का रुख था। मिडकैप 83.53 अंक गिरकर 6406.07 पर जबकि स्मॉलकैप 156.51 अंक गिरकर 7484.57 पर बंद हुआ।