खास बातें
- आयकर विभाग ने कहा कि वह विदेशों में छुपाए गए धन को निकलवाने के बारे में योगगुरू रामदेव के सुझावों पर विचार करने को तैयार है।
नई दिल्ली: काले धन के मुद्दे पर भूख हड़ताल करने की बाबा रामदेव की चेतावनी के बीच आयकर विभाग ने कहा कि वह काली कमाई के रुप में विदेश छुपाए गए देश के धन को निकलवाने के बारे में योगगुरू रामदेव के सुझावों पर विचार करने को तैयार है। केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के चेयरमैन सुधीर चन्द्रा ने कहा, रामदेव जी के सुझाव रचनात्मक हैं जिन पर सरकार द्वारा विचार किया जाना चाहिए। इससे पहले चन्द्रा ने काले धन को बाहर निकालने के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों से रामदेव को अवगत कराया था। योग गुरू के साथ बैठक के बारे में पूछे जाने पर चन्द्रा ने कहा, मुझे लगता है कि रामदेव जी संतुष्ट हैं। पिछले दो साल के दौरान काले धन को बाहर निकालने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे उपायों से मैंने उन्हें अवगत कराया है। सरकार ने हाल ही में कई उपायों की घोषणा की जिसमें आयकर विभाग में एक आपराधिक जांच शाखा की स्थापना शामिल है। बाबा रामदेव ने काले धन और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर 4 जून से भूख हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। अपराध जांच निदेशालय की स्थापना के बारे में निवर्तमान सीबीडीटी प्रमुख ने कहा, डीसीआई से बैंकिंग सूचनाएं हासिल करने और सीमा पार सौदों के बारे में जानकारी हासिल करने में मदद मिलेगी।