खास बातें
- स्टॉकिस्टों द्वारा भारी बिकवाली के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में शनिवार को सोने में 600 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी में 1590 रुपये किलो की गिरावट दर्ज की गई।
नई दिल्ली: कमजोर वैश्विक रुख के बीच स्टॉकिस्टों द्वारा भारी बिकवाली के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में शनिवार को सोने में 600 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी में 1590 रुपये किलो की गिरावट दर्ज की गई। विदेशों में कमजोर रुख के बीच सोने के भाव 600 रुपये की गिरावट के साथ 28,040 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी के भाव 1590 रुपये टूटकर 55,650 रुपये किलो बोले गए।
अमेरिकी अर्थव्यवस्था और रोजगार के आंकड़े अच्छे रहने से न्यूयॉर्क में शुक्रवार रात सोने में पांच सप्ताह में सबसे बड़ी गिरावट आई, जिससे बिकवाली दबाव बढ़ गया। आमतौर पर घरेलू बाजार का रुख तय करने वाले न्यूयार्क में शुक्रवार रात सोने के भाव 32.50 डॉलर लुढ़ककर 1725.90 डॉलर औंस और चांदी के भाव 2.01 प्रतिशत गिरकर 33.67 डॉलर प्रति औंस रह गए।
घरेलू बाजार में सोना 99.9 शुद्ध और 99.5 शुद्ध के भाव 600 रुपये की गिरावट के साथ क्रमश: 28,040 रुपये और 27,900 रुपये प्रति 10 ग्राम बंद हुए। गिन्नी के भाव 50 रुपये टूटकर 23,350 रुपये प्रति आठ ग्राम बंद हुए। चांदी तैयार के भाव 1590 रुपये की गिरावट के साथ 55,650 रुपये और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 575 रुपये की हानि के साथ 56,125 रुपये किलो बंद हुए। चांदी सिक्का के भाव 2,000 रुपये की गिरावट के साथ 65,000-66,000 रुपये प्रति सैकड़ा बंद हुए।