यह ख़बर 10 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

सोना लांघ ही गया 26 हजार का स्तर

खास बातें

  • लिवाली समर्थन के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में यह 26,000 रु प्रति दस ग्राम के मनोवैज्ञानिक स्तर को लांघ गया। यह नया रिकार्ड है।
नई दिल्ली:

दीवाली तक सोने का भाव क्या होगा? सर्राफा बाजार में इस सवाल पर अटकलें लगने लगी हैं क्योंकि चौतरफा लिवाली समर्थन के चलते बुधवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में यह 26,000 रु प्रति दस ग्राम के मनोवैज्ञानिक स्तर को लांघ गया। यह नया रिकार्ड है। सोने में पांच कारोबारी सत्रों से तेजी जारी है। आज यह 215 रुपये और तेजी के साथ 26,055 रु प्रति दस ग्राम हो गया। बाजार सूत्रों का कहना है कि वैश्विक बाजारों में सोने में जारी उछाल का असर स्थानीय बाजार धारणा पर भी पड़ा। न्यूयार्क में सोना 1,782.50 डालर प्रति औंस की नयी उंचाई को छू गया है। फेडरल रिजर्व बैंक ने ब्याज दर को अगले साल मध्य तक निचले स्तर पर बनाये रखने की घोषणा की है जिसने सोने की चमक बढा दी। शादी ब्याह के सीजन से पहले की लिवाली ने भी सोने को बल दिया। वायदा बाजार में भी सोना मजबूत हो रहा है। विश्लेषकों का कहना है कि एसएंडपी द्वारा अमेरिका की साख रेटिंग घटाये जाने का असर सर्राफा बाजारों, निवेशकों की राय पर है। घरेलू बाजार में सोना 99.9 और 99.5 शुद्ध के भाव 215 रुपये की तेजी के साथ क्रमश: 26,055 रु और 25,935 रु प्रति दस ग्राम बंद हुए। हालांकि गिन्नी के भाव में 100 टूटकर 20,900 रु प्रति आठ ग्राम बंद हुए। वहीं मौजूदा उच्च स्तर पर मांग कमजोर पड़ने से चांदी में गिरावट आई। चांदी तैयार के भाव 800 रु टूटकर 58,100 रु और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 12,00 रु की गिरावट के साथ 57,400 रु प्रति किलो बंद हुए। वहीं त्योहारी मांग बढ़ने से चांदी सिक्का के भाव 2,000 रु चढ़कर 66,000:67,000 रु प्रति सैंकड़ा बंद हुए।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com