खास बातें
- सब्जियों, दालों तथा आलू के भावों में नरमी से खाद्य मुद्रास्फीति 25 जून को समाप्त सप्ताह में घटकर 7.61 प्रतिशत रह गई, जो सात हफ्ते का निचला स्तर है।
New Delhi: सब्जियों, दालों तथा आलू के भावों में नरमी के कारण खाद्य मुद्रास्फीति 25 जून को समाप्त सप्ताह में घटकर 7.61 प्रतिशत रह गई, जो सात हफ्ते का निचला स्तर है। थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित खाद्य मुद्रास्फीति पूर्व सप्ताह में 7.78 प्रतिशत थी, जबकि जून 2010 की समान अवधि में लगभग 20 प्रतिशत थी। सरकार द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार आलोच्य सप्ताह में दाल, साल-दर-साल आधार पर नौ प्रतिशत सस्ती हो गई। इस दौरान सब्जियों के दाम 8.74 प्रतिशत तथा आलू के दाम में 2.13 प्रतिशत की नरमी रही। हालांकि अन्य खाद्य उत्पादों के दाम आलोच्य सप्ताह में भी ऊंचे बने रहे। पिछले साल की तुलना में फलों के दाम 22.75 प्रतिशत, अंडे, मांस तथा मछली के दाम 10.12 प्रतिशत, मोटे अनाज के दाम 4.26 प्रतिशत, दूध के दाम 12.10 प्रतिशत ऊंचे रहे। खाद्य मुद्रास्फीति के नए आंकड़ों के अनुसार खाद्य उत्पादों की कीमतों में वृद्धि की दर 7 मई को समाप्त सप्ताह के बाद सबसे कम है, तब के सप्ताह में यह 7.47 प्रतिशत थी।