यह ख़बर 25 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

खाद्य वस्तुओं की महंगाई बढ़कर 9.80 फीसदी हुई

खास बातें

  • खाद्य वस्तुओं की मंहगाई दर में बढ़ोतरी प्याज, टमाटर, फल, दूध, अंडा और मछली जैसे प्रोटीन के स्रोत वाली चीजों की कीमतों के दबाव के कारण हुई।
New Delhi:

खाद्य मुद्रास्फीति 13 अगस्त को समाप्त सप्ताह के दौरान एक बार फिर दहाई अंक की ओर बढ़ते हुए 9.80 फीसदी हो गई। खाद्य वस्तुओं की मंहगाई दर में यह बढ़ोतरी खासकर प्याज, टमाटर, फल एवं दूध, अंडा और मछली जैसे प्रोटीन के स्रोत वाली चीजों की कीमतों के दबाव के कारण हुई। थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) पर आधारित खाद्य मुद्रास्फीति इससे पिछले सप्ताह 9.03 फीसदी पर थी। एक वर्ष पूर्व इसी अवधि में खाद्य मुद्रास्फीति 14.56 फीसदी थी। सरकार द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़े के मुताबिक आलोच्य सप्ताह के दौरान प्याज की औसत कीमत सालाना स्तर पर 44.42 फीसदी और आलू की 16.39 फीसदी ऊंची थी। 13 अगस्त को समाप्त सप्ताह के दौरान अंडा सालाना आधार पर 27.01 फीसदी तथा मांस और मछली की कीमतें 13.37 फीसदी ऊंची रहीं। दूध भी वार्षिक आधार पर 9.51 फीसदी मंहगा रहा। सब्जियों की कीमत 6.52 फीसदी और अनाज के दाम पिछले साल इसी समय की तुलना में 5.22 फीसदी ऊंचे रहे। हालांकि दाल पिछले साल की तुलना में 5.56 फीसदी और गेहूं 2.80 फीसदी सस्ता हुआ है। कुल मिलाकर प्राथमिक वस्तुएं के थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित मुद्रास्फीति 13 अगस्त को समाप्त सप्ताह में 12.40 फीसदी रही। इससे पिछले सप्ताह यह आंकड़ा 11.64 फीसदी था। डब्ल्यूपीआई में प्राथमिक उत्पादों का भारांश 20 फीसदी है। गैर-खाद्य उत्पादों की मुद्रास्फीति 17.80 फीसदी रही, जबकि पिछले सप्ताह यह 16.07 फीसदी थी। इन उत्पादों में फाइबर, तिलहन और खनिज शामिल हैं। इसी दौरान ईंधन और बिजली वर्ग की मुद्रास्फीति 13 अगस्त को समाप्त सप्ताह के दौरान भी इससे पिछले हफ्ते की तरह 13.13 फीसदी पर बनी रही।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com