खास बातें
- विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सितंबर के पहले सप्ताह में भारतीय पूंजी बाजार में 2,600 करोड़ रुपये का निवेश किया है। रिजर्व बैंक के नए गवर्नर रघुराम राजन तथा रुपये और अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए कई उपायों की घोषणा के बाद एफआईआई का भरोसा बढ़ा है।
नई दिल्ली: विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सितंबर के पहले सप्ताह में भारतीय पूंजी बाजार में 2,600 करोड़ रुपये का निवेश किया है। रिजर्व बैंक के नए गवर्नर रघुराम राजन तथा रुपये और अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए कई उपायों की घोषणा के बाद एफआईआई का भरोसा बढ़ा है।
इससे पहले अगस्त में एफआईआई ने भारतीय पूंजी बाजार से ढाई अरब डॉलर यानी 16,000 करोड़ रुपये की निकासी की थी। यह पिछले तीन माह में निकासी का सबसे निचला आंकड़ा है।
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, सप्ताह के दौरान विदेशी संस्थागत निवेशकों ने ऋण बाजार में 1,689 करोड़ रुपये (25.6 करोड़ डॉलर) तथा शेयर बाजार में 882 करोड़ रुपये (13.5 करोड़ डॉलर) का निवेश किया। इस तरह उनका शुद्ध निवेश 2,571 करोड़ रुपये (39.2 करोड़ डॉलर) का रहा।
बाजार विश्लेषकों ने कहा कि रिजर्व बैंक के नए गवर्नर राजन द्वारा आर्थिक वृद्धि को प्रोत्साहन देने तथा पूंजी का प्रवाह आकर्षित करने के लिए कई उपायों की घोषणा की गई है जिसके बाद विदेशी निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।