Petrol-Diesel : सरकार ने पेट्रोल और ATF (Aviation Turbine Fuel) के निर्यात पर 6 रुपये प्रति लीटर की दर से टैक्स लगाया है और डीजल के निर्यात पर 13 रुपये प्रति लीटर का टैक्स लगाया गया है. एक अलग सरकारी अधिसूचना में कहा गया कि सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की ऊंची कीमतों से उत्पादकों को होने वाले अप्रत्याशित लाभ के एवज में घरेलू रूप से उत्पादित कच्चे तेल पर 23,230 रुपये प्रति टन का अतिरिक्त टैक्स लगाया है.
निर्यात पर टैक्स तेल रिफाइनरी विशेषकर निजी क्षेत्र के लिए है जिन्हें यूरोप और अमेरिका जैसे बाजारों में ईंधन का निर्यात करने पर खासा लाभ मिलता है. वहीं घरेलू स्तर पर कच्चे तेल का उत्पादन करने पर लगाया गया कर स्थानीय उत्पादकों के लिए है जिन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से अप्रत्याशित लाभ मिल रहा है.
इन नए टैक्स के लागू होने का असर फ्यूल के घरेलू दाम पर नहीं पड़ेगा.
इसके अलावा, गोल्ड पर भी कस्टम ड्यूटी 10.75% से बढ़ाकर 15% कर दिया गया है. यह अधिसूचना 30 जून, 2022 को जारी की गई थी.
कच्चा तेल और पेट्रोल-डीजल की कीमतें
पिछले तीन सत्रों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड गिरावट देख रहा था. गुरुवार को इसमें 3 फीसदी की गिरावट आई थी. शुक्रवार को सुबह में जहां इसमें थोड़ी तेजी आई थी, इसके बाद क्रूड फिर गया. यह 1.25 फीसदी की गिरावट के बाद 114.81 डॉलर प्रति बैरल के मूल्य पर चल रहा था. गुरुवार को घरेलू वायदा बाजार में कमजोर हाजिर मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों की कटान की जिससे कच्चे तेल की कीमत 1.44 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,648 रुपये प्रति बैरल रह गई थी.
अब पेट्रोल-डीजल के मौजूदा रेट की बात करें तो आज 1 जुलाई, 2022 को भी तेल विपणन कंपनियों ने तेल के दामों में कोई बदलाव नहीं किया है. कुछ प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के ये ताजा रेट चल रहे हैं-
शहर | पेट्रोल | डीज़ल |
---|---|---|
दिल्ली | 96.72 | 89.62 |
कोलकाता | 106.03 | 92.76 |
मुंबई | 111.35 | 97.28 |
चेन्नई | 102.63 | 94.24 |
नोएडा | 96.79 | 89.96 |
लखनऊ | 96.79 | 89.76 |
पटना | 107.24 | 94.04 |
जयपुर | 108.48 | 93.72 |
स्रोत : इंडियन ऑयल |
चेक कर लीजिए अपने शहर में तेल के दाम
देश में अंतरराष्ट्रीय कच्चा तेल बाजार के दामों के मुताबिक हर रोज ईंधन तेल के घरेलू दाम संशोधित होते हैं. ये नए दाम हर रोज सुबह 6 बजे लागू हो जाते हैं. आप घर बैठे भी ईंधन की कीमत का पता कर सकते हैं. घर बैठे तेल की कीमत पता करने के लिए आपको इंडियन ऑयल मैसेज सेवा के तहत मोबाइल नंबर 9224992249 पर SMS भेजना होगा. आपका मैसेज होगा 'RSP-पेट्रोल पंप का कोड'. ये कोड आपको इंडियन ऑयल के पेज से मिल जाएगा.