यह ख़बर 02 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

वोडाफोन ने एस्सार को दिए 1.9 अरब डॉलर

खास बातें

  • वोडाफोन-एस्सार में 22 फीसद हिस्सेदारी खरीदने के लिए एस्सार को पहली किस्त के रूप में 1.9 अरब अमेरिकी डॉलर का भुगतान किया।
New Delhi:

ब्रिटेन की कंपनी वोडाफोन ने अपनी संयुक्त उद्यम वोडाफोन-एस्सार में 22 फीसद हिस्सेदारी खरीदने के लिए एस्सार को पहली किस्त के रूप में 1.9 अरब अमेरिकी डॉलर का बुधवार को भुगतान किया। यह हिस्सेदारी रूइया के नेतृत्व वाली एस्सार की विदेशी इकाइयों के पास है। वोडाफोन-एस्सार में रूइया के नेतृत्व वाली एस्सार की विदेशी इकाइयों के पास 22.03 फीसद हिस्सेदारी है जिसका मूल्य 3.8 अरब डॉलर आंका गया है। वोडाफोन के प्रवक्ता ने कहा कि हमने एस्सार को पहली किस्त के रूप में 1.9 अरब डॉलर की राशि दी है। एस्सार की संयुक्त उद्यम में 33 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसमें 22.03 प्रतिशत हिस्सेदारी कंपनी की विदेशी इकाइयों के पास है जबकि शेष 10.97 प्रतिशत हिस्सेदारी समूह की भारतीय कंपनियों के पास है जिसका मूल्य 1.2 अरब अमेरिकी डॉलर है। सूत्रों के अनुसार वोडाफोन को अब 1.9 अरब डॉलर एस्सार को दे दिए हैं और शेष 1.9 अरब डॉलर नवंबर में दिए जाएंगे। एस्सार ने शेष 10.97 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने के मामले में रिजर्व बैंक से संपर्क किया है। इस बारे में संपर्क किए जाने पर एस्सार के प्रवक्ता ने कुछ भी कहने से मना कर दिया। मार्च महीने में वोडाफोन ने कहा था कि वह एस्सार की पूरी 33 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए विकल्प का उपयोग करेगी। इस हिस्सेदारी का मूल्य 5 अरब डॉलर है। सौदा पूरा होने के बाद एस्सार पूरी तरह संयुक्त उद्यम से निकल जाएगी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com