मदर डेयरी के दूध में पाया गया डिटर्जेंट, जमी हुई वसा : एफडीए

मदर डेयरी के दूध में पाया गया डिटर्जेंट, जमी हुई वसा : एफडीए

प्रतीकात्मक चित्र

गाजियाबाद:

कोलकाता स्थित सेंट्रल लेबोरेट्री ने जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) द्वारा गाजियाबाद में मदर डेयरी के अलग-अलग बूथ से लिए गए दूध के नमूनों की दोबारा की गई जांच में उनमें डिटर्जेंट और जमी हुई वसा पाई गई।

कोलकाता की लैब ने मंगलवार को गाजियाबाद एफडीए को दोबारा किए गए जांच की रिपोर्ट सौंपी। एफडीए के अधिकारी विनीत कुमार ने कहा कि लैब के अनुसार 'फुल क्रीम और 'टोंड' दूध दोनों के नमूनों में डिटर्जेंट और जमी हुई वसा पाई गई।

उन्होंने कहा कि नमूने पहले मेरठ के स्टेट लैबोरेट्री में जांच के लिए भेजे गए थे, जहां उनके खराब गुणवत्ता के होने का पता चला था। लेकिन मदर डेयरी ने जांच की रिपोर्ट को चुनौती देते हुए नमूनों की कोलकाता स्थित सेंट्रल लैबोरेट्री में दोबारा जांच की मांग की थी।

अधिकारी ने कहा कि कोलकाता के लैब ने जिला मजिस्ट्रेट विमल कुमार शर्मा को अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिन्होंने मदर डेयरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने की मंजूरी हासिल करने के लिए उसे आयुक्त के पास भेज दिया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

वहीं मदर डेयरी के विपणन प्रमुख संदीप घोष ने कहा कि उन्हें अब तक कोलकाता स्थित लैब की रिपोर्ट नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि दोनों जांच की रिपोर्ट में अंतर हैं, जिसे देखते हुए मदर डेयरी उन्हें चुनौती देने के लिए उचित कानूनी मंच का रुख करेगी।