खास बातें
- डॉलर के अन्य मुद्राओं के मुकाबले महंगा होने से एशियाई कारोबार में कच्चे तेल के भाव में गिरावट दर्ज की गई है।
सिंगापुर: डॉलर के अन्य मुद्राओं के मुकाबले महंगा होने से एशियाई कारोबार में कच्चे तेल के भाव में गिरावट दर्ज की गई है और यह 91 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया। न्यूयार्क मर्केंटाइल एक्सचेंज में अगस्त डिलीवरी वाले बेंचमार्क तेल 55 सेंट गिरकर 90.61 डॉलर बैरल रह गया। इसी प्रकार, लंदन में ब्रेंट नार्थ सी क्रूड का भाव 73 सेंट घटकर 104.39 डॉलर हो गया। यूनान ऋण संकट के बीच निवेशकों की धारणा कमजोर होने से आज यूरो 1.4188 डॉलर से गिरकर 1.4124 डॉलर रह गया। यूनान के सांसद बुधवार को 28 अरब यूरो के मितव्ययिता योजना पर वोट डालेंगे। इस बीच जर्मनी के वित्त मंत्री वोल्फगांग शियुबल ने रविवार को चेतावनी देते हुए कहा कि यूनान को अंतरराष्ट्रीय सहायता की अगली किस्त योजना की मंजूरी पर ही मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी द्वारा पिछले सप्ताह आपात भंडार जारी किये जाने की घोषणा से कच्चे तेल की कीमत पर असर पड़ा है।