यह ख़बर 11 जुलाई, 2013 को प्रकाशित हुई थी

मजबूत विदेशी संकेतों से सेंसेक्स 382 अंक चढ़ा, निफ्टी 118 अंक ऊपर

खास बातें

  • अमेरिका में प्रोत्साहन कार्यक्रम जारी रहने के फेडरल रिजर्व प्रमुख के बयान के असर से एशियाई बाजारों में मजबूती के रुख के बीच भारतीय बाजारों में भी शानदार तेजी रही।
मुंबई:

मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच प्रतिष्ठित शेयरों में तेजी के चलते बंबई शेयर बाजार के सेंसेक्स में गुरुवार को 382 अंकों की तेजी आई और यह लगभग छह सप्ताह के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स सुबह 19,584.38 अंक पर मजबूत खुला। कारोबार के दौरान इसमें और मजबूती आई। सेंसेक्स अंतत: 381.94 अंक चढ़कर 19,676.06 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स इससे पहले 31 मई को 19,760.30 अंक पर बंद हुआ था और 28 जून के बाद इसमें किसी एक कारोबारी सत्र में यह सबसे बड़ी तेजी है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सेंसेक्स में उछाल से बीएसई के बाजार पूंजीकरण में एक लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 118.40 अंक चढ़कर 5,935.10 अंक पर बंद हुआ। कारोबारियों के अनुसार यूएस फेडरल रिजर्व के प्रमुख बेन बर्नांके के उस बयान का बाजार पर असर रहा, जिसमें उन्होंने मौद्रिक प्रोत्साहन जारी रखने की बात कही थी।