यह ख़बर 23 दिसंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

बीएमडब्ल्यू ने बाजार में उतारी नई एम सीरीज की दो कारें, 4.1 सेकेंड में 100 की रफ्तार

बीएमडब्ल्यू के बैंड एम्बेसडर सचिन नई गाड़ी के साथ

नई दिल्ली:

कुछ गाड़ियां चलने के लिए होती हैं, कुछ दिखाने के लिए और कुछ होती हैं, चलाने के लिए। चलाने के लिए मतलब वो कारें जिन्हें चलाने में मज़ा आए, रोमांच हो, ताक़त हो, इंजिन का शोर और तेज़ नाचती टायर से निकलने वाला गंध हो। जो पेज थ्री पार्टी में शो-ऑफ़ के लिए नहीं रेसट्रैक पर नचाने के लिए हो। हालांकि ये कम शौक़ीन चाहते हैं, क्योंकि ज़्यादातर के लिए तो गाड़ी का लोगो ही काफ़ी होता है। ऐसे में कुछेक शौक़ीन ही सही, लेकिन उनके लिए अब भारत में गाड़ियां एक से एक आ रही हैं। उन शौक़ीनों के लिए, जो चाहते हैं ऐसी सवारी, वो पैसे ख़र्चने के लिए भी तैयार हैं।

और ऐसी ही एक सवारी को हमारे सामने लेकर आए थे मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर, जो हैं बीएमडब्ल्यू के ब्रांड एंबैसेडर। ग्रेटर नौएडा के बुद्ध इंटरनैशनल सर्किट यानि एफ-1 ट्रैक पर बीएमडब्ल्यू ने उतारी कुछ ऐसी ही कारें जो दुनिया में नामी है अपनी रफ़्तार, अपने रोमांच के लिए। बीएमडब्ल्यू ने हाल में लॉन्च की अपनी एम-3 और एम-4 कूपे। ये कंपनी की स्पोर्टी कारों की सीरीज़ है। और जिस दमखम का ज़िक्र हो रहा है उसके आंकड़े देखिए तो समझ आएगा कि क्यों हो रहा है।

बीएमडब्ल्यू एम-3 और एम-4 कूपे में लगा है 2979 सीसी का छह सिलिंडर इंजिन। इससे ताक़त निकलती है 431 हॉर्सपावर की और टॉर्क है 550 एनएम का। और इन आंकड़ों के साथ ये 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार पकड़ने में लगाती है सिर्फ़ 4.1 सेकेंड। और अगर आप अंदाज़ा नहीं लगा पा रहे हैं कि ये रफ़्तार कम है कि ज़्यादा तो हम बता दें कि ये पिकप का आंकड़ा काफ़ी तेज़ तर्रार है। इसमें सात स्पीड डुअल क्लच ट्रांसमिशन है। अपने नए डुअल क्लच के बारे में कंपनी का कहना है कि वो पहले से बेहतर है, गियर बदलने में पहले से कम वक़्त लेता है।

इन दोनों कारों की एक्स शोरूम क़ीमत अब जान लीजिए। एम-3 के लिए आपको देने होंगे एक करोड़ 19 लाख रुपये और एम-4 कूपे के लिए एक करोड़ 21 लाख रुपये।

नई एम कारों में कंपनी ने डिज़ाइन को और भी तीखा, स्पोर्टी बनाया है। दोनों कारें आती हैं कार्बन रूफ़ के साथ जिससे कार का वज़न भी कम होता है। बोनेट पर ख़ास बनावट कार को और स्पोर्टी बनाती है।

न सिर्फ़ ये स्पोर्टी अवतार है, बल्कि इसे ख़ास शाही अंदाज़ देने के लिए कार के अंदर कई ख़ास चीज़ें दी गई हैं, जैसे एम सीट, एम लेदर स्टीयरिंग व्हील, एम फ़ुटरेस्ट, गियरशिफ़्ट लिवर, वगैरह पर एम की छाप।

और टेक्नॉलजी के नाम पर बता दें कि कंपनी ने अपनी नामी आई-ड्राइव के नए जेनरेशन को कार में फ़िट किया है, टच कंट्रोलर के साथ। साथ में 3-डी में नैविगेशन सिस्टम भी। सेफ़्टी के लिए एयरबैग्स, ऐक्टिव एम डिफ्रेंशियल है, डायनैमिक स्टेबिलिटी कंट्रोल है औऱ एबीएस तो है ही।

कार सीबीडब्ल्यू के तौर पर आएगी और देशभर में बीएमडब्ल्यू के शोरूम में बिकेगी।
बीएमडब्ल्यू की एम सीरीज़ का मतलब उन कारों से होता है जो कंपनी की आम प्रोडक्शन के मुक़ाबले ज़्यादा ताक़तवर और स्पोर्टी होती हैं। शुरुआत में तो एम से मोटरस्पोर्ट था, लेकिन बाद में कंपनी ने आम कारों में वही ख़ूबियां देनी शुरू की और आम ग्राहकों में ये रोमांचक कारें हिट हो गईं। आज की तारीख़ में एम सीरीज़ की बीएमडब्ल्यू कारों का मतलब है वो कारें जिनमें लगे हैं ज़्यादा ताक़तवर इंजिन, अलग स्पोर्टी ट्रांसमिशन, सस्पेंशन, इंटीरियर और ऐरोडायनैमिक्स भी। इन कारों को तैयार किया जाता है स्पोर्ट्स कारों के तौर पर।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

वैसे जाते जाते ये भी बता दें, एक लिटर में ये पौने ग्यारह किमी की माइलेज देती है, हो सकता है हिचक में आप पूछ न रहे हों।