यह ख़बर 22 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

ब्लैकबेरी ने 200 नौकरियां घटाईं

खास बातें

  • आरआईएम ने कर्मचारियों की छंटनी की पुष्टि नहीं की है लेकिन स्थानीय मीडिया के मुताबिक कम्पनी के 200 विनिर्माण कर्मचारियों को इसकी सूचना दी गई है।
टोरंटो:

ब्लैकबेरी फोन निर्माता कम्पनी रिसर्च इन मोशन (आरआईएम) के कमजोर तिमाही नतीजों के कारण इसके शेयर मूल्य में लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद कम्पनी ने 200 कर्मचारियों को सेवामुक्त करने का फैसला किया है। आरआईएम ने कर्मचारियों की छंटनी की पुष्टि नहीं की है लेकिन स्थानीय मीडिया के मुताबिक कम्पनी के 200 विनिर्माण कर्मचारियों को इसकी सूचना दी गई है। दुनियाभर में आरआईएम के 17,500 कर्मचारी हैं और इसके मुख्यालय और आस-पास स्थित कार्यालयों में 9,000 कर्मचारी कार्यरत हैं। ब्लैकबेरी ने इस साल की पहली तिमाही में आय में गिरावट के परिणाम घोषित करने के बाद लागत अनुकूलन कार्यक्रम की घोषत किया है। कम्पनी का मुनाफा इस तिमाही में घटकर 69.5 करोड़ डॉलर हो गया जो कि पिछले साल की इसी तिमाही में 76.9 करोड़ डॉलर था। दो दिन की गिरावट के बाद मंगलवार को आरआईएम के शेयर में करीब नौ प्रतिशत का सुधार हुआ और यह 27.74 डॉलर के स्तर पर बंद हुआ। जानकारों का मानना है कि गूगल और माइक्रोसॉफ्ट जैसी कम्पनियां ब्लैकबेरी का अधिग्रहण कर सकती हैं। जानकारों का कहना है कि छोटी अवधि में ब्लैकबेरी के लिए संभावनाएं काफी क्षीण हैं क्योंकि उसके उत्पाद पुराने पड़ चुके हैं और एप्पल और गूगल एंड्रायड के उत्पाद उसकी बाजार हिस्सेदारी तेजी से हथिया रहे हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com