यह ख़बर 09 जुलाई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

बीते सप्ताह सेंसेक्स में आई आधा फीसदी की तेजी

खास बातें

  • प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स में इस सप्ताह 0.50 फीसदी या 95.24 अंकों की तेजी और निफ्टी में 0.60 फीसदी या 33.45 अंकों की तेजी दर्ज की गई।
मुम्बई:

देश के शेयर बाजारों में शुक्रवार को समाप्त कारोबारी सप्ताह में लगभग आधी फीसदी की तेजी दर्ज की गई। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स में इस सप्ताह 0.50 फीसदी या 95.24 अंकों की तेजी और निफ्टी में 0.60 फीसदी या 33.45 अंकों की तेजी दर्ज की गई। शुक्रवार के कारोबार में बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 220.26 अंकों की गिरावट के साथ 18,858.04 पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी 68.30 अंकों की गिरावट के साथ 5,660.65 पर बंद हुआ। इससे पिछले शुक्रवार को सेंसेक्स 18,762.80 और निफ्टी 5,627.20 पर बंद हुआ था। बीएसई के विभिन्न सेक्टरों में इस सप्ताह रियल्टी में सर्वाधिक सात फीसदी की तेजी दर्ज की गई। उपभोक्ता टिकाऊ वस्तु में 4.1 फीसदी, वाहन में 3.1 फीसदी, प्रौद्योगिकी में 1.03 फीसदी, स्वास्थ्य सेवा में 0.96 फीसदी, सूचना प्रौद्योगिकी में 0.83 फीसदी, बैंकिंग में 0.51 फीसदी और पूंजीगत वस्तु में 0.32 फीसदी की मजबूती दर्ज की गई। गिरावट वाले सेक्टरों में धातु में सर्वाधिक 1.22 फीसदी, तेज खपत वाली उपभोक्ता वस्तुओं में 0.20 फीसदी, तेल एवं गैस में भी 0.20 फीसदी और सार्वजनिक कम्पनियों में 0.18 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। बिजली में कोई बदलाव दर्ज नहीं किया गया। सेंसेक्स में कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार को 51.68 अंकों की तेजी दर्ज की गई। इसके बाद मंगलवार और बुधवार को सेंसेक्स में क्रमश: 69.92 और 17.59 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को सेंसेक्स में 351.33 अंकों की तेजी दर्ज की गई। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी इस सप्ताह बढ़त का रुख देखा गया। मिडकैप 94.64 अंकों की बढ़त के साथ शुक्रवार को 6,996.31 पर और स्मॉलकैप 150.73 अंकों की तेजी के साथ 8,375.14 पर बंद हुआ।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com