यह ख़बर 31 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

तेल कंपनियों ने विमान ईंधन के दाम 4 फीसदी घटाए

खास बातें

  • इंडियन ऑयल के एक अधिकारी ने बताया कि तेल कंपनियों ने एटीएफ के दाम 2,327.89 रुपये प्रति किलो लीटर या 3.95 प्रतिशत तक घटा दिए हैं।
नई दिल्ली:

सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने लगातार दूसरे पखवाड़े विमान ईंधन (एटीएफ) के मूल्य में कमी की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने के साथ कंपनियों ने एटीएफ के दाम करीब 4 प्रतिशत घटा दिए। इंडियन ऑयल के एक अधिकारी ने बताया कि तेल कंपनियों ने एटीएफ के दाम 2,327.89 रुपये प्रति किलो लीटर या 3.95 प्रतिशत तक घटा दिए हैं। इस तरह से दिल्ली में एटीएफ के दाम घटकर 56,466.11 रुपये प्रति किलोलीटर पर आ गए। नई कीमतें मध्यरात्रि से प्रभावी हो जाएंगी। इससे पहले कंपनियों ने 16 मई को एटीएफ के दाम में 2.9 प्रतिशत की कटौती की थी। मुंबई में एटीएफ के दाम 59,602 रुपये प्रति किलोलीटर से घटाकर 57,166.96 रुपये प्रति किलोलीटर कर दिए गए। उल्लेखनीय है कि तेल कंपनियों ने अक्तूबर, 2010 से लगातार 14 बार एटीएफ के दाम बढ़ाए थे। दिल्ली में एक अक्तूबर, 2010 को एटीएफ के दाम 40,728.52 रुपये प्रति किलोलीटर पर थे और 30 अप्रैल तक दाम 19,831.48 रुपये प्रति किलोलीटर या 48.7 प्रतिशत तक बढ़ाए गए। तेल कंपनियों ने अंतिम बार 30 अप्रैल को एटीएफ के दाम बढ़ाए थे। विमानन कंपनियों की परिचालन लागत में ईंधन का योगदान करीब 40 प्रतिशत है और एटीएफ के दाम स्थानीय बिक्री कर के मुताबिक अलग-अलग हवाईअड्डों पर अलग-अलग हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com