खास बातें
- देश में सभी खनिजों का कुल उत्पादन अप्रैल में एक माह पहले की तुलना में नीचे आया है। कोयला उत्पादन में तो माह के दौरान 32 प्रतिशत की गिरावट आई है।
New Delhi: देश में सभी खनिजों का कुल उत्पादन अप्रैल में एक माह पहले की तुलना में नीचे आया है। कोयला उत्पादन में तो माह के दौरान 32 प्रतिशत की गिरावट आई है। देश में अप्रैल में कुल खनिज उत्पादन मूल्य के हिसाब से 16,317 करोड़ रुपये का रहा। आधिकारिक बयान के अनुसार, मार्च में देश में खनिज उत्पादन 17,031 करोड़ रुपये का रहा था। अप्रैल में कोयला उत्पादन में 32 प्रतिशत की गिरावट आई और यह सिर्फ 407 लाख टन रह गया। मार्च में कोयला उत्पादन 601 लाख टन रहा था। माह के दौरान कुल उत्पादन में सबसे ज्यादा योगदान पेट्रोलियम (कच्चे तेल) का रहा। कुल उत्पादन में इसकी हिस्सेदारी 33 प्रतिशत या 5,329 करोड़ रुपये रही। इसी तरह लौह अयस्क का उत्पादन 4,275 करोड़ रुपये और कोयले का 3,915 करोड़ रुपये रहा। प्राकृतिक गैस का उत्पादन 1,251 करोड़ रुपये, लिग्नाइट का 399 करोड़ रुपये और लाइमस्टोन का 305 करोड़ रुपये का रहा। बयान में कहा गया है कि अप्रैल में कुल खनिज उत्पादन में इन छह खनिजों का हिस्सा 95 प्रतिशत का रहा।