यह ख़बर 01 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

अप्रैल में निर्यात 34.4 प्रतिशत बढ़ा

खास बातें

  • देश का निर्यात चालू वित्त वर्ष के पहले महीने 34.4 प्रतिशत के इजाफे के साथ 23.8 अरब डालर का रहा है।
नई दिल्ली:

देश का निर्यात चालू वित्त वर्ष के पहले महीने (अप्रैल में) 34.4 प्रतिशत के इजाफे के साथ 23.8 अरब डालर का रहा है। इस तरह देश के निर्यात में पिछले वित्त वर्ष में आई तेजी का सिलसिला 2011-12 में भी कायम है। वाणिज्य मंत्रालय के बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल में आयात 14.1 प्रतिशत बढ़कर 32.8 अरब डालर रहा है। इस तरह देश का व्यापार घाटा 8.9 अरब डालर पर है। हालांकि, मार्च की तुलना में अप्रैल में निर्यात की वृद्धि दर कम रही है। मार्च में देश के निर्यात में 54 फीसद की बढ़ोतरी हुई थी। वाणिज्य सचिव राहुल खुल्लर ने कहा कि मार्च की तुलना में अप्रैल में निर्यात में वृद्धि ज्यादा चिंता की बात नहीं है। मार्च हमेशा बेहतर आंकड़े देता है। मैं चिंतित नहीं हूं। अप्रैल में कच्चे तेल का आयात 7.7 प्रतिशत बढ़कर 10.1 अरब डॉलर रहा है। पिछले वित्त वर्ष के इसी माह में यह 9.4 अरब डॉलर रहा था। इस दौरान गैर तेल आयात 17.3 प्रतिशत के इजाफे के साथ 22.6 अरब डॉलर का रहा। पिछले वित्त वर्ष के अप्रैल माह में यह 19.3 अरब डालर था। बीते वित्त वर्ष (2010-11) में देश का निर्यात 37.55 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी के साथ 246 अरब डॉलर पर पहुंच गया। 2010-11 में आयात 21.6 फीसद गिरकर 350 अरब डॉलर का रहा। इस तरह बीते वित्त वर्ष में व्यापार घाटा 104 अरब डॉलर का रहा।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com