यह ख़बर 08 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

तिहाड़ में बंद अधिकारियों से मिले अनिल अंबानी

खास बातें

  • रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी समूह के चेयरमैन अनिल अंबानी ने तिहाड़ जेल में बंद कंपनी के दो वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की।
नई दिल्ली:

रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी समूह के चेयरमैन अनिल अंबानी ने तिहाड़ जेल में बंद कंपनी के दो वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। समझा जाता है कि अंबानी ने उन्हें सभी कानूनी मदद देने का आश्वासन दिया। सूत्रों ने बताया कि अंबानी ने जेल नंबर 3 में करीब आधा घंटा बिताया। सीबीआई की एक विशेष अदालत द्वारा जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद से गौतम दोषी और हरि नायर 17 अप्रैल से जेल नंबर 3 में बंद हैं। सूत्रों ने कहा कि बैठक के दौरान अंबानी ने अधिकारियों को कथित तौर पर आश्वासन दिया कि वह 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला मामले में भ्रष्टाचार के आरोपों से बरी कराने में उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराएंगे। रिलायंस एडीए समूह के गौतम दोषी, सुरेन्द्र पिपारा और हरि नायर पर 2जी स्पेक्ट्रम आबंटन घोटाले में षडयंत्र रचने और छूट हासिल करने का आरोप है। तिहाड़ जेल के महानिदेशक नीरज कुमार ने कहा, अंबानी शाम 5 बजे यहां आए। उन्होंने गौतम दोषी एवं हरि नायर से मुलाकात करने की अनुमति मांगी थी और हमने उन्हें मुलाकात करने की अनुमति दे दी। सूत्रों ने बताया कि दोनों अधिकारियों से मुलाकात करने के बाद अंबानी पिपारा से मिलने एम्स चले गए।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com