खास बातें
- एक अधिकारी ने एयरपोर्ट मेट्रो के फिर से चालू होने की जानकारी सोमवार को दी। छह माह पहले सुरक्षा कारणों से इस मार्ग का संचालन स्थगित कर दिया गया था।
नई दिल्ली: एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस लाइन, मंगलवार सुबह साढ़े पांच बजे से दोबारा शुरू हो रही है।
एक अधिकारी ने एयरपोर्ट मेट्रो के फिर से चालू होने की जानकारी सोमवार को दी। छह माह पहले सुरक्षा कारणों से इस मार्ग का संचालन स्थगित कर दिया गया था।
इस मेट्रो लाइन का संचालन करने वाली कम्पनी, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर ने एक बयान में कहा, "एयरपोर्ट मेट्रो लाइन 22 जनवरी (मंगलवार) को सुबह साढ़े पांच बजे के अपने नियमित समय पर फिर से संचालन शुरू करेगी।"
बयान में कहा गया है, "यह रोज सुबह साढ़े पांच बजे से शाम साढ़े ग्यारह बजे तक 15 मिनट के अंतराल पर चलेगी।"
मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त (सीआरएमएस) ने पिछले सप्ताह इस लाइन को फिर से चालू करने की अनुमति दी थी। पहले इस लाइन पर 23 किलोमीटर की यात्रा 18 मिनट में पूरी होती थी, जिसे सड़क मार्ग से तय करने में एक घंटे से अधिक समय लगता है।
अब हालांकि इस मार्ग पर दूरी तय करने में अधिक समय लगेगा, क्योंकि आयुक्त ने इस लाइन पर मेट्रो रेल को अधिकतम 50 किलोमीटर की गति से ही चलाने की अनुमति दी है। पहले इस लाइन पर मेट्रो रेल की गति 105 किलोमीटर प्रति घंटा होती थी।
एअरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन को द्वारका सेक्टर-21 से जोड़ती है। इसके माध्यम से नई दिल्ली से हवाई अड्डे तक 20 मिनट में पहुंचा जा सकता है।