यह ख़बर 06 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

गर्मी की छुट्टी भुनाने में जुटी विमानन कंपनियां

खास बातें

  • सार्वजनिक क्षेत्र की एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए टिकट पर 10 फीसद की छूट समेत विभिन्न प्रकार के पैकेज की घोषणा की है।
New Delhi:

विमानन कंपनियां गर्मी की छुट्टी भुनाने में जुट गई हैं। इस मकसद से भारतीय तथा विदेशी विमानन कंपनियों ने यात्रियों को आकर्षित करने के लिए कई योजनाएं पेश की हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए टिकट पर 10 फीसद की छूट समेत विभिन्न प्रकार के पैकेज की घोषणा की है। टिकट पर छूट उन यात्रियों को दी जाएगी जिन्होंने टिकट भारत में कटाया हो। ब्रिटिश एयरवेज ने विदेश जाने वाले भारतीय छात्रों के लिए मुफ्त टाक टाइम के साथ मैट्रिक्स सिम कार्ड तथा 23 किलो वजन तक अतिरिक्त सामान ले जाने समेत कई विशेष पेशकश की घोषणा की है। ये पेशकश 15 नवंबर तक वैध है। एयरलाइंस की क्षेत्रीय वाणिज्यिक प्रबंधक जूडी जारविस ने कहा कि पिछले साल भी इस प्रकार की पेशकश की गई थी। इसके प्रति लोगों की प्रतिक्रिया बहुत अच्छी रही है। इसी प्रकार, संयुक्त अरब अमीरात की अमीरात्स एयरलाइन ने समर स्माइल्स इन दुबई नाम से विशेष पैकेज पेश किया है। इसमें 12 साल से कम उम्र के दो बच्चों के किराये में 50 फीसद की छूट शामिल हैं। कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक विनय मल्होत्रा ने कहा कि पूरे टिकट का भुगतान करने वाले दो बड़ों के साथ दुबई में तीन रात ठहरने पर बच्चों के लिए भोजन तथा उनके खेलने का इंतजाम मुफ्त होगा। सस्ती विमान सेवा देने वाली एयर अरेबिया तथा एतिहाद एयरवेज ने भी कुछ ऐसी ही पेशकश की है। भारत के बाहर छुट्टी पर जाने के बढ़ते प्रचलन को भुनाने के मकसद से विमानन कंपनियां इस प्रकार की पेशकश कर रही हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com