यह ख़बर 10 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

एयर इंडिया को रोकी गई ईंधन आपूर्ति फिर शुरू

खास बातें

  • एयर इंडिया को उस समय बड़ा झटका लगा जब तेल कंपनियों ने कुछ देर के लिए उसके विमानों को ईंधन की आपूर्ति बंद कर दी।
नई दिल्ली:

सरकारी क्षेत्र की विमानन कंपनी एयर इंडिया को बुधवार को उस समय बड़ा झटका लगा जब तेल कंपनियों ने कुछ देर के लिए उसके विमानों को ईंधन की आपूर्ति बंद कर दी। हालांकि नागरिक उड्डयन और पेट्रोलियम मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद ईंधन आपूर्ति शुरु कर दी गई। खस्ताहाली से गुजर रही एयर इंडिया के विमानों को आज दोपहर बाद चार बजे से दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता सहित कुछ स्टेशनों पर ईंधन आपूर्ति बंद कर दी गई थी। हालांकि, मामले को कुछ ही देर में सुलझा लिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय और पेट्रोलियम मंत्रालय के बीच तुरंत हुई मंत्रणा के बाद ईंधन आपूर्ति शुरू कर दी गई। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम का एयर इंडिया पर 2,200 करोड़ रुपये का बकाया है। बढती बकाया राशि को देखते हुये तेल कंपनियां पिछले साल दिसंबर से ही एयर इंडिया को ईंधन आपूर्ति नकद राशि मिलने पर ही करती हैं। समझा जाता है कि तेल कंपनियों को आश्वस्त किया गया है कि कल से एयर इंडिया उन्हें दैनिक भुगतान करेगी। हालांकि, तेल कंपनियों के अधिकारियों का कहना है कि बकाये के भुगतान का मुद्दा अभी भी लटका हुआ है। उनका कहना है कि एयर इंडिया ने दैनिक खरीद के लिये 16.5 करोड़ रुपये का जो भुगतान किया वह चेक बाउंस हो गया। एयर इंडिया ने भारत पेट्रोलियम कापरेरेशन को 3.4 करोड़ रुपये, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कापरेरेशन को 2.7 करोड़ रुपये का चेक दिया था जो कि बैंक ने बिना भुगतान के लौटा दिया। इंडियन ऑयल कापरेरेशन को दस करोड़ रुपये का भुगतान भी एयर इंडिया नहीं कर पाई। बहरहाल, एयर इंडिया सरकार की तरफ से मंजूर राशि के मिलने की प्रतीक्षा में है तथा कुछ बैंक से भी कंपनी को धन मिलना है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com