पंचायत और गुल्लक जैसी सीरीज ओटीटी पर राज करती है, जिसमें गांव और आम परिवारों की कहानी देखने को मिली थी. लेकिन इस बीच इन पॉपुलर सीरीज को क्रिएट करने वाले टीवीएफ ने अपनी पॉपुलर सीरीज के नए सीजन का ऐलान कर दिया है. जबकि पिछले कुछ दिनों पहले स्ट्रीम हुई ग्राम चिकित्सालय और आदर्श बाल विद्यालय के सीजन की चर्चा हो रही है. वहीं अब पंचायत और गुल्लक की सफलता के बाद TVF ने यूट्यूब पर 'फैमिली किराना स्टोर' सीजन 2 की घोषणा कर दी है, जिसकी शूटिंग अगले हफ्ते शुरू होगी.
फैमिली किराना स्टोर की कहानी
द वायरल फीवर (TVF) की इस साल बड़ी सफलताओं में 'फैमिली किराना स्टोर' भी शामिल रहा, जो एक मिडिल क्लास परिवार और उनके मोहल्ले की किराने की दुकान के इर्द-गिर्द घूमती हल्की-फुल्की कॉमेडी-ड्रामा सीरीज है, जिसके 5 एपिसोड को यूट्यूब पर खूब प्यार मिला और दर्शकों के जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद यह फैंस की पसंदीदा बन गई. 'फैमिली किराना स्टोर' की कहानी श्रीकांत वर्मा द्वारा निभाए गए गजानंद और उनके परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो मोहल्ले की किराने की दुकान चलाने के दौरान आने वाली खुशियों और चुनौतियों का सामना करते हैं.

ये भी पढ़ें- मर्ले ट्रैविस के 'सिक्सटीन टोंस' पर आधारित था 68 साल पुराना गाना, किशोर कुमार की आवाज ने बनाया बरसात का सदाबहार गीत
सीजन 2 का ऐलान
सोशल मीडिया की इसी लोकप्रियता को आगे बढ़ाते हुए TVF ने अब 'फैमिली किराना स्टोर सीजन 2' का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. कहा गया कि सीजन 2 की शूटिंग अगले हफ्ते से शुरू होने वाली है. गरिमा विक्रांत सिंह और हेमंत मिश्रा भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं. 'फैमिली किराना स्टोर' सीजन 1 फिलहाल यूट्यूब पर स्ट्रीम हो रहा है.
टीवीएफ के शोज की आईएमबीडी पर रेटिंग
यह ऐलान TVF के यूट्यूब पर सफल सफर को भी और मजबूत करता है। TVF स्टूडियोज के कई आइकॉनिक शोज, जिनमें 'एस्पिरेंट्स', 'सपने वर्सेज एवरीवन' और 'कोटा फैक्ट्री' शामिल हैं, ने सबसे पहले यूट्यूब पर दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाई और बाद में घर-घर में मशहूर हुए. IMDb की दुनिया की टॉप 250 टीवी शोज की लिस्ट में शामिल TVF के दूसरे शोज में 'TVF पिचर्स' 9.1 की रेटिंग के साथ 64वें नंबर पर, 'पंचायत' 9.0 की रेटिंग के साथ 70वें नंबर पर, 'गुल्लक' 9.1 की रेटिंग के साथ 74वें नंबर पर, 'कोटा फैक्ट्री' 9.0 की रेटिंग के साथ 86वें नंबर पर, 'एस्पिरेंट्स' 9.1 की रेटिंग के साथ 130वें नंबर पर और 'ये मेरी फैमिली' 8.9 की रेटिंग के साथ 183वें नंबर पर है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं