विज्ञापन

90s का वो गाना जो हर मोहल्ले की कैसेट की दुकान पर मचाता था धूम, शादी-पार्टी से चित्रहार तक छाया, आज भी ताजा कर देता है 32 साल पुरानी यादें

‘मोहरा’ का ‘तू चीज बड़ी है मस्त मस्त’ 90s के उन गानों में शामिल है, जिसने कैसेट से लेकर शादी-पार्टियों और टीवी म्यूजिक शो तक अपनी खास जगह बनाई. 32 साल बाद भी अक्षय कुमार और रवीना टंडन पर फिल्माया यह गाना लोगों को पुरानी यादों में ले जाता है.

90s का वो गाना जो हर मोहल्ले की कैसेट की दुकान पर मचाता था धूम, शादी-पार्टी से चित्रहार तक छाया, आज भी ताजा कर देता है 32 साल पुरानी यादें
32 साल बाद भी शादी-पार्टी और मोहल्ले की जान है तू चीज बड़ी है मस्त-मस्त गाना

90 के दशक में मनोरंजन का सबसे बड़ा सहारा टीवी, रेडियो और कैसेट हुआ करते थे. किसी फिल्म का गाना पसंद आ जाए तो लोग उसे बार-बार सुनने के लिए उसकी कैसेट खरीद लेते थे. साल 1994 में आई अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और रवीना टंडन की फिल्म ‘मोहरा' का गाना ‘तू चीज बड़ी है मस्त मस्त' भी ऐसा ही गीत था, जिसने उस दौर में खूब लोकप्रियता हासिल की. आज 32 साल बाद भी इस गाने की धुन सुनते ही 90s के कैसेट प्लेयर, मोहल्ले की दुकानें, शादी-पार्टियां और टीवी पर आने वाले म्यूजिक शो याद आ जाते हैं.

अक्षय और रवीना पर फिल्माया गया था गाना

‘तू चीज बड़ी है मस्त मस्त' को उदित नारायण और कविता कृष्णमूर्ति ने अपनी आवाज दी थी. इसका संगीत विजू शाह ने तैयार किया था और गीत आनंद बख्शी ने लिखा था. गाने में अक्षय कुमार और रवीना टंडन की जोड़ी नजर आई थी. इसकी धुन और अंदाज ऐसा था कि यह सिर्फ फिल्म का हिस्सा बनकर नहीं रहा, बल्कि अलग से भी लोगों की पसंद बन गया. 

‘मोहरा' की कहानी और स्टारकास्ट ने भी खींचा दर्शकों का ध्यान

‘मोहरा' का निर्देशन राजीव राय ने किया था और फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, रवीना टंडन और नसीरुद्दीन शाह मुख्य भूमिकाओं में थे. इनके अलावा परेश रावल, गुलशन ग्रोवर, रजा मुराद और सदाशिव अमरापुरकर जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा थे. एक्शन और थ्रिलर कहानी वाली इस फिल्म में अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी की जोड़ी को भी खूब पसंद किया गया.

बॉक्स ऑफिस पर भी ‘मोहरा' ने किया था शानदार कारोबार

‘मोहरा' 1 जुलाई 1994 को रिलीज हुई थी. बॉक्स ऑफिस इंडिया के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म का बजट करीब 3.75 करोड़ रुपये था और इसका इंडिया नेट कलेक्शन लगभग 12.01 करोड़ रुपये रहा. फिल्म ने भारत में करीब 21.70 करोड़ रुपये का ग्रॉस कारोबार किया, जबकि वर्ल्डवाइड ग्रॉस करीब 22.64 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.  

फिल्म की सफलता में इसके गानों का भी बड़ा योगदान रहा. ‘तू चीज बड़ी है मस्त मस्त' के साथ ‘टिप टिप बरसा पानी', ‘ना कजरे की धार' और ‘सुबह से लेकर शाम तक' जैसे गाने भी खूब सुने गए. यही वजह है कि ‘मोहरा' का म्यूजिक एल्बम 90s के सबसे यादगार फिल्मी एलबम्स में गिना जाता है.

यह भी पढ़ें: माधुरी दीक्षित के डांस से सजा 27 साल पुराना गाना, आज है दुल्हनों की पहली पसंद, अलका याग्निक ने बनाया कल्ट

आज जब मोबाइल और स्ट्रीमिंग के दौर में एक क्लिक पर हजारों गाने मिल जाते हैं, तब भी ‘तू चीज बड़ी है मस्त मस्त' सुनना उस दौर की अलग ही दुनिया में ले जाता है. शादी में बजता यह गाना हो या पुरानी कैसेट से आती इसकी आवाज, इसके साथ जुड़ी यादें आज भी वैसी ही ताजा महसूस होती हैं.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Akshay Kumar, Raveena Tandon, Mohra, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com