बिपाशा बसु ने साफ कर दिया है कि उनकी फिल्म 'अलोन' के हीरो करन सिंह ग्रोवर के साथ उनका दोस्ती से ज्यादा कोई रिश्ता नहीं है। बिपाशा ने कहा कि करन मेरे अच्छे दोस्त हैं और उससे ज्यादा कुछ नहीं।
दरअसल फिल्म 'अलोन' के प्रचार के शुरू होने के बाद ही बिपाशा और करन के रिश्तों को लेकर चर्चे शुरू हो गए थे। कहा जाने लगा था कि बिपाशा और करन का रिश्ता दोस्ती से प्रेम सम्बन्ध में बदल चुका है। मगर, बिपाशा ने इन सब खबरों को नकार दिया है और कहा है कि इसमें कोई सचाई नहीं है।
फिल्म के प्रचार के दौरान बिपाशा ने कहा कि जब फिल्म मैंने साइन की थी, तब फिल्म का हीरो कौन होगा, मुझे मालूम नहीं था। तभी मैंने फिल्म के निर्देशक भूषण को मैंने कहा था कि यह रोमांटिक फिल्म है। इसलिए, फिल्म में ऐसा हीरो होना चाहिए जिसके साथ रोमांटिक सीन अच्छा लगे। मैं खुश हूं कि करन इस फिल्म के हीरो हैं और उनके साथ काम करके बहुत मजा आया।
फिलहाल बिपाशा खुश हैं क्योंकि उनके मुताबिक अलोन के ट्रेलर को काफी सराहा जा रहा है और करन के साथ परदे पर उनकी जोड़ी को पसंद किया जा रहा है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं