'द फैमिली मैन 3' खत्म हुए काफी समय हो गया, लेकिन फैंस के मन में एक सवाल अब भी घूम रहा है कि आखिर श्रीकांत तिवारी फिर कब नजर आएंगे. पिछले सीजन का अंत ऐसे मोड़ पर हुआ था, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया. कई राज खुलने बाकी रह गए और कहानी बीच रास्ते में रुकती हुई सी लगी. अब इस इंतजार के बीच मेकर्स ने ऐसा अपडेट दिया है, जिसे सुनकर फैंस की एक्साइटमेंट फिर से बढ़ गई है. अच्छी बात ये है कि 'द फैमिली मैन 4' पर काम तेजी से चल रहा है और श्रीकांत तिवारी की वापसी अब पहले से ज्यादा करीब लग रही है.
सीजन 4 की तैयारी जोरों पर
सीरीज के मेकर राज निदिमोरु ने बताया कि 'द फैमिली मैन 4' की कहानी पर तेजी से काम हो रहा है. उन्होंने कहा कि तीसरे और चौथे सीजन को शुरू से ही एक ही कहानी का हिस्सा माना गया था. यही वजह है कि पिछले सीजन में कई सवालों के जवाब जानबूझकर नहीं दिए गए थे.
यह भी पढ़ें- सैफ अली खान और करीना कपूर बेटे तैमूर और जेह को देते हैं धर्म की शिक्षा,'ईश्वर एक, नाम अनेक'
श्रीकांत तिवारी की कहानी अभी खत्म नहीं हुई
राज ने बताया कि पिछले सीजन में सिर्फ श्रीकांत तिवारी की कहानी आगे के लिए छोड़ी गई थी. अब वही हिस्सा नए सीजन में देखने को मिलेगा. उन्होंने ये भी कहा कि पूरी टीम इस समय कहानी लिखने में लगी है. यानी फैंस को इस बार पहले से भी ज्यादा दमदार कहानी देखने को मिल सकती है.
रिलीज डेट का इंतजार अभी बाकी
'द फैमिली मैन 4' पहले की तरह Amazon Prime Video पर ही आएगा. हालांकि अभी तक ये नहीं बताया गया है कि नया सीजन किस दिन रिलीज होगा. लेकिन मेकर्स के ताजा अपडेट से इतना जरूर साफ हो गया है कि काम रुक नहीं रहा है और नए सीजन की तैयारी पूरे जोर-शोर से चल रही है.
सीजन 3 में क्या हुआ था
इस बार कहानी पूर्वोत्तर भारत के इर्द-गिर्द घूमती नजर आई. जयदीप अहलावत के किरदार ने पूरी कहानी में बड़ा ट्विस्ट ला दिया था. वहीं आखिर में 'फर्जी' वाले विजय सेतुपति के किरदार की झलक ने फैंस को चौंका दिया. इसी सीन के बाद से लोग अगले सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें- आकांक्षा चमोला गौरव खन्ना के तलाक पर राखी को नहीं यकीन, एक्ट्रेस को बताया 'झूठी'
मनोज बाजपेयी ने भी कही थी दिल की बात
मनोज बाजपेयी पहले बता चुके हैं कि लंबे गैप के बाद दोबारा श्रीकांत तिवारी बनना आसान नहीं होता. शूटिंग शुरू होने के बाद उन्हें कुछ दिन लगते हैं उस किरदार में पूरी तरह ढलने में. उन्होंने ये भी कहा था कि राज एंड डीके हर बार इस सफर को आसान बना देते हैं. अब मेकर्स के नए अपडेट ने साफ कर दिया है कि श्रीकांत तिवारी की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है और जल्द एक नया मिशन शुरू होने वाला है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं