'द फैमिली मैन' का नाम आते ही सबसे पहले श्रीकांत तिवारी का चेहरा आंखों के सामने आ जाता है. एक ऐसा जासूस जो देश भी बचाता है और घर की परेशानियों से भी जूझता है. इस किरदार को मनोज बाजपेयी ने इतने शानदार अंदाज में निभाया कि आज ऑडियंस के लिए किसी और को इस रोल में सोच पाना मुश्किल है. लेकिन अगर हम आपसे कहें कि इस किरदार के लिए मनोज बाजपेयी मेकर्स की पहली पसंद ही नहीं थे, तो शायद आपको भी हैरानी होगी. सबसे दिलचस्प बात ये है कि जिस स्टार को इस रोल के लिए चुना जाना था, वो 150 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुका है और उसकी दौलत की चर्चा भी अक्सर सुर्खियों में रहती है.
ये भी पढ़ें; 'तारक मेहता' में बूढ़ा बनकर मिली पहचान, जेठालाल के 'बापूजी' बनने के लिए 283 बार मुंडवाया सिर, लोग छूने लगे थे पैर
आखिर कौन था मेकर्स की पहली पसंद
'द फैमिली मैन' के क्रिएटर्स राज निदिमोरू और कृष्णा डीके, जिन्हें इंडस्ट्री में राज और डीके के नाम से जाना जाता है ने हाल ही में Idelebrain Jeevi को दिए एक इंटरव्यू में बड़ा खुलासा किया. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने इस कहानी को लिखना शुरू किया था, तब उनके दिमाग में श्रीकांत तिवारी के रोल के लिए मनोज बाजपेयी नहीं बल्कि साउथ के मेगास्टार चिरंजीवी थे. यानी जिस किरदार को आज लोग मनोज बाजपेयी से जोड़कर देखते हैं, उसके लिए कभी चिरंजीवी का नाम सबसे ऊपर था. यही वजह है कि ये खुलासा सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा होने लगी.
फिल्म बनने वाली थी, फिर बदल गई पूरी कहानी
राज और डीके ने बताया कि शुरुआत में वे इस कहानी को वेब सीरीज नहीं बल्कि एक बड़ी फिल्म के रूप में बनाना चाहते थे. कहानी लिखते समय उन्होंने चिरंजीवी को ध्यान में रखकर ही कई बातें सोची थीं. लेकिन वक्त के साथ प्लान बदला और प्रोजेक्ट फिल्म से वेब सीरीज में बदल गया. यहीं से कहानी ने नया मोड़ लिया. कास्टिंग पर फिर से काम हुआ और आखिरकार श्रीकांत तिवारी का रोल मनोज बाजपेयी की झोली में आ गया. इसके बाद जो हुआ वो इतिहास है. सीरीज सुपरहिट हुई और मनोज बाजपेयी का ये किरदार ओटीटी की दुनिया के सबसे यादगार किरदारों में शामिल हो गया.
150 से ज्यादा फिल्मों का है शानदार सफर
चिरंजीवी सिर्फ तेलुगु सिनेमा ही नहीं बल्कि पूरे देश के सबसे बड़े सितारों में गिने जाते हैं. कई दशकों से वे स्क्रीन पर छाए हुए हैं और 150 से ज्यादा फिल्मों में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज करा चुके हैं. उनकी फैन फॉलोइंग सिर्फ साउथ तक ही नहीं है, बल्कि देशभर में करोड़ों लोग उन्हें पसंद करते हैं.
दौलत के मामले में भी बड़े-बड़ों को देते हैं टक्कर
चिरंजीवी सिर्फ फिल्मों की वजह से ही नहीं, बल्कि अपनी नेटवर्थ को लेकर भी चर्चा में रहते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति 1650 करोड़ रुपये से 1700 करोड़ रुपये के बीच बताई जाती है. यही वजह है कि उन्हें देश के सबसे अमीर सितारों में गिना जाता है. कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि उनकी नेटवर्थ अमिताभ बच्चन और रजनीकांत जैसे दिग्गज सितारों से भी ज्यादा है. शायद यही वजह है कि चिरंजीवी का नाम सिर्फ बॉक्स ऑफिस के सुपरस्टार के तौर पर नहीं लिया जाता बल्कि उनकी लैविश लाइफस्टाइल और बेशुमार दौलत भी अक्सर सुर्खियां बटोरती रहती हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं