विज्ञापन

'तेरे नाम' से लेकर 'देसी बॉयज' तक, इन छह फिल्मों के आएंगे सीक्वल, पौराणिक कहानियों का यूनिवर्स भी मिलेगा देखने को

घोषित प्रोजेक्ट्स में “तनु वेड्स मनु – द नेक्स्ट चैप्टर” खास चर्चा में है. इसका निर्देशन मिताक्षरा कुमार करेंगी, जो “हीरामंडी” और “द एम्पायर” जैसी सीरीज से जुड़ी रही हैं.

'तेरे नाम' से लेकर 'देसी बॉयज' तक, इन छह फिल्मों के आएंगे सीक्वल, पौराणिक कहानियों का यूनिवर्स भी मिलेगा देखने को
'तेरे नाम' से लेकर 'देसी बॉयज' तक, इन छह फिल्मों के आएंगे सीक्वल
NDTV

मनोरंजन कंपनी ईरोस इनोवेशन ने अपने आने वाले बड़े प्रोजेक्ट्स की घोषणा की है. कंपनी ने एक तरफ भारतीय पौराणिक कथाओं पर आधारित नया सिनेमैटिक यूनिवर्स बनाने का ऐलान किया है, तो दूसरी तरफ कुछ लोकप्रिय फिल्मों को नई कहानियों और नए किरदारों के साथ आगे बढ़ाने की योजना भी सामने रखी है. कंपनी की सबसे बड़ी घोषणा “ईरोस ब्रह्मांड” को लेकर हुई है. यह भारतीय पौराणिक कथाओं और लोककथाओं से प्रेरित एक सिनेमैटिक यूनिवर्स होगा. इसके तहत “नंदी – वॉर ऑफ कैलासा”, “द्वारका: गेटवे टू द यूनिवर्स”, “विमान वॉर्स”, “महाभारत 5000 ए.डी.”, “यक्षिणी”, “ब्रह्मराक्षक”, “गरुड़”, “कुंभायन्ना” और “मनसा देवी” जैसी नौ कहानियां बनाई जाएंगी. कंपनी का कहना है कि इन सभी प्रोजेक्ट्स की कहानियां किसी न किसी तरह आपस में जुड़ी होंगी.

ये भी पढ़ें: 12 जून को बॉक्स ऑफिस पर महाटक्कर, हिंदी से लेकर साउथ और हॉलीवुड तक 20 से ज्यादा फिल्में होंगी रिलीज

तेरे नाम का सीक्वल

इसके अलावा ईरोस ने “ईरोस यूनिवर्स” की भी घोषणा की है. इसके तहत दर्शकों की पसंदीदा फिल्मों को नए अंदाज में आगे बढ़ाया जाएगा. इस सूची में “तनु वेड्स मनु”, “फोबिया”, “इंग्लिश विंग्लिश”, “देसी बॉयज”, “रंगीला” और “तेरे नाम” जैसी फिल्में शामिल हैं. कंपनी का कहना है कि इन फिल्मों से जुड़े नए किरदार और नई कहानियां दर्शकों को देखने को मिलेंगी. इन प्रोजेक्ट्स को फिल्मों के अलावा एनीमेशन, माइक्रोड्रामा और दूसरे फॉर्मेट्स में भी पेश किया जाएगा.

घोषित प्रोजेक्ट्स में “तनु वेड्स मनु – द नेक्स्ट चैप्टर” खास चर्चा में है. इसका निर्देशन मिताक्षरा कुमार करेंगी, जो “हीरामंडी” और “द एम्पायर” जैसी सीरीज से जुड़ी रही हैं. फिल्म की शूटिंग 2026 में शुरू होने की उम्मीद है. कंपनी ने अपनी तीसरी पहल “ईरोस रीमास्टर्ड” का भी ऐलान किया है. इसके तहत पुरानी और चर्चित फिल्मों को तकनीकी रूप से बेहतर बनाकर नए दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा. इसकी शुरुआत रजनीकांत की फिल्म “कोचाडैयान” से होगी. इस फिल्म को नए रूप में पेश करने की जिम्मेदारी सौंदर्या रजनीकांत संभालेंगी.

कई फिल्मों को एक साथ लाने की प्लानिंग

ईरोस इनोवेशन के संस्थापक और चेयरमैन किशोर लुल्ला ने कहा, “हम नई पौराणिक कहानियों, दर्शकों की पसंदीदा फिल्मों और क्लासिक सिनेमा को एक साथ लेकर आ रहे हैं. हमारा मकसद ऐसी कहानियां बनाना है जो हर पीढ़ी के दर्शकों को पसंद आएं.” वहीं कंपनी की सह-संस्थापक और सह-अध्यक्ष रिधिमा लुल्ला ने कहा कि यह पूरी योजना दर्शकों तक कहानियां नए और दिलचस्प तरीके से पहुंचाने की सोच का हिस्सा है.

265 मिलियन पाउंड के निवेश की घोषणा

कंटेंट से जुड़ी इन घोषणाओं के अलावा लंदन टेक वीक में ईरोस ने यूनाइटेड किंगडम में 265 मिलियन पाउंड के निवेश की भी घोषणा की. साथ ही कंपनी ने अपने बड़े सांस्कृतिक डेटा सेट को ब्रिटेन स्थित अपने ऑपरेशन के लिए लाइसेंस देने का ऐलान किया है. कंपनी का दावा है कि इससे सांस्कृतिक एआई के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी. कुल मिलाकर ईरोस की इस नई रणनीति में पौराणिक कथाओं, लोकप्रिय फिल्म फ्रेंचाइजियों और नई तकनीक का मेल देखने को मिलेगा. अब देखना दिलचस्प होगा कि दर्शक इन नए प्रोजेक्ट्स को किस तरह का स्वागत देते हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tanu Weds Manu, Tere Naam, Desi Boys, Phobia
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com