सनी देओल ने हाल ही में अपने पिता धर्मेंद्र की एक सुपरहिट फिल्म का खास वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है. इस वीडियो में फिल्म के लोकप्रिय गाने के साथ कुछ विजुअल्स को AI की मदद से नए अंदाज में पेश किया गया है, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं. सनी देओल की तरफ से शेयर किया गया यह वीडियो एक बार फिर इस क्लासिक फिल्म को सुर्खियों में ले आया है और दर्शकों को पुराने दौर की याद दिला रहा है. कहा जा सकता है कि धर्मेंद्र और जितेंद्र स्टारर धर्मवीर का जादू दशकों बाद भी बरकरार है.
50 हफ्तों तक सिनेमाघरों में चली थी फिल्म
1977 में रिलीज हुई धर्मवीर अपने समय की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक रही है. यह फिल्म 50 हफ्तों से ज्यादा समय तक सिनेमाघरों में चली और उस साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म ने करीब 1.3 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, जो उस दौर में बड़ी उपलब्धि मानी जाती थी. इतना ही नहीं सोवियत यूनियन में भी फिल्म को जबरदस्त सफलता मिली, जहां इसने करीब 32 मिलियन टिकट बेचे.
ये भी पढ़ें- धर्मेंद्र को याद कर हेमा मालिनी की आंखों में आए आंसू, कहा- मुझे नहीं पता कि मैं अपनी बाकी की जिंदगी कैसे बिताऊंगी
धर्मेंद्र को मिला ‘ही-मैन' का खिताब

इस फिल्म की सफलता के बाद धर्मेंद्र की छवि एक मजबूत और रोमांटिक हीरो के रूप में और ज्यादा मजबूत हो गई. उन्हें ‘ही-मैन' के तौर पर पहचान मिली और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ‘वर्ल्ड आयरन मैन अवॉर्ड' भी दिया गया. हालांकि, फिल्म में उनके कुछ कॉस्ट्यूम्स को लेकर आलोचना भी हुई, लेकिन इसके बावजूद दर्शकों ने उन्हें खूब पसंद किया.
धरम-जीतू की जोड़ी भी रही हिट
धर्मवीर की सफलता के बाद धर्मेंद्र और जितेंद्र की जोड़ी को भी दर्शकों ने खूब सराहा. इसके बाद दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया, जिनमें ‘द बर्निंग ट्रेन', ‘सम्राट' और ‘जानी दोस्त' जैसी फिल्में शामिल हैं.
बॉबी देओल की झलक भी आई थी नजर

धर्मवीर धर्मेंद्र के छोटे बेटे बॉबी देओल की पहली फिल्म भी थी. उन्होंने धर्मेंद्र के बचपन का रोल निभाया था. उस समय वह करीब 9 साल के थे और अपने कॉस्ट्यूम को लेकर थोड़े झिझकते भी थे. दरअसल, कॉस्ट्यूम फ्रॉक जैसी नजर आती थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं