बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को दुनिया से विदा हुए एक साल बीत चुका है, लेकिन उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी आज भी इस दुख से उबर नहीं पाई हैं. धर्मेंद्र की याद में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की है. इसके साथ उन्होंने नौ तस्वीरें भी शेयर कीं, जिनमें उनके साथ बिताए खूबसूरत पलों की झलक देखने को मिलती है. हेमा ने अपने पोस्ट में बताया कि धर्मेंद्र उनके लिए सिर्फ पति नहीं थे, बल्कि दोस्त, मार्गदर्शक और उनकी ताकत थे. उनके बिना जिंदगी कितनी खाली हो गई है, इसे शब्दों में बयां करना भी उनके लिए मुश्किल है.
‘वह मेरे लिए सब कुछ थे'
हेमा मालिनी ने अपने पोस्ट में लिखा कि पूरा एक साल गुजर गया, लेकिन उनके दुख की गहराई आज भी कम नहीं हुई है. उन्होंने धर्मेंद्र को खोने को ऐसा नुकसान बताया, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती. हेमा के मुताबिक, धर्मेंद्र सिर्फ उनके जीवनसाथी नहीं थे, बल्कि उनके सबसे अच्छे दोस्त, मार्गदर्शक और हर मुश्किल में साथ खड़े रहने वाले इंसान थे. वह उनकी ताकत थे और उनकी पूरी दुनिया उन्हीं के इर्द-गिर्द थी.
अभिनेत्री ने आगे लिखा कि धर्मेंद्र की मौजूदगी के बिना जिंदगी बहुत खाली लगती है. उनका शानदार व्यक्तित्व, स्वभाव की अच्छाई और हर किसी को प्यार देने का अंदाज उन्हें दूसरों से अलग बनाता था. हेमा ने कहा कि इतनी बड़ी सफलता हासिल करने के बाद भी धर्मेंद्र हमेशा जमीन से जुड़े रहे और अपनी जड़ों को कभी नहीं भूले. उन्हें जानने वाले हर शख्स तक उनका अपनापन पहुंचता था.
भगवद्गीता की बात जानती हैं, फिर भी आती है याद
हेमा मालिनी ने अपनी पोस्ट में भगवद्गीता का भी जिक्र किया. उन्होंने लिखा कि गीता में बताया गया है कि आत्मा अमर है और उसका पुनर्जन्म होता है. वह इस बात को समझती हैं और इस पर विश्वास भी रखती हैं, लेकिन वह अभी इसी जीवन में हैं. ऐसे में धर्मेंद्र की प्यार भरी मौजूदगी को याद करना उनके लिए स्वाभाविक है. उनके जाने से जो खालीपन आया है, उसे भर पाना आसान नहीं है.
फैंस का भी जताया आभार
हेमा ने इस मुश्किल वक्त में साथ देने वाले धर्मेंद्र के करोड़ों प्रशंसकों का भी शुक्रिया अदा किया. उन्होंने लिखा कि लाखों लोगों ने धर्मेंद्र को याद किया और उनके लिए प्यार भरे संदेश भेजे. लोगों ने बताया कि धर्मेंद्र उनके लिए कितने खास थे और उनके जीवन पर उनका कितना गहरा प्रभाव रहा. हेमा ने सभी का दोबारा आभार जताते हुए हाथ जोड़ने वाली इमोजी के साथ अपना मैसेज खत्म किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं