Success Story Aasif Khan: टीवी का सबसे बड़ा, धमाकेदार और विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20' शुरू होने जा रहा है.20वें सीजन को लेकर फैन्स और दर्शकों के बीच काफी एक्साइटमेंट है. इस बार शो में जो कंटेस्टेंट शामिल होने वाले हैं. उनमें से कई के नाम बाहर आ रहे है, जिसमें पंचायत के दामाद जी यानी आसिफ खान का नाम भी शामिल है कि वे भी बिग बॉस सीजन 20 का हिस्सा बनने वाले है.
आसिफ खान हिंदी सिनेमा का जाना पहचाना नाम है, लेकिन अभी उन्हें उतनी पॉप्युलेरिटी नहीं मिली है जितना वो चाह रहे है. OTT पर उन्होंने अपनी एक्टिंस से हर वर्ग के दर्शकों को अपना दीवाना बनाया है. पंचायत के दमादाजी हो या फिर मिर्ज़ापुर' के वफादार बाबर उनके हर किरदार में एक अलग ही टच देखने को मिलता है.
पिता जेके सीमेंट में कर्मचारी
आसिफ खान ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के छोटे से कस्बे निम्बाहेड़ा से निकलकर मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है. फिल्म इंडस्ट्री में कोई मजबूत संपर्क न होने और परिवार का सिनेमा से दूर का नाता होने के बावजूद उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखने का साहस किया. उनके पिता अय्यूब खान जेके सीमेंट में कार्यरत थे, जबकि उनकी मां फिरदौस एक गृहिणी हैं.
स्कूल के प्ले में बने थे नौकर
आसिफ का एक्टिंग के प्रति लगाव बचपन से ही था. इसकी झलक तब देखने को मिली जब उन्होंने साल 2001 में अपने स्कूल के वार्षिक समारोह में आयोजित नाटक 'किस्सा कुर्सी का' में एक नौकर की भूमिका निभाई. मंच पर मिला यह पहला अनुभव उनके भीतर कलाकार बनने का सपना जगा गया. बाद में टीवी के लोकप्रिय कॉमेडी शो द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज में राजू श्रीवास्तव के मशहूर 'शादीवाला' एक्ट ने उन्हें काफी प्रभावित किया. इसी के चलते उन्होंने अपने शहर में आयोजित एक स्टैंड-अप कॉमेडी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और सभी को चौंकाते हुए विजेता बने. यहीं से उन्हें बॉलीवुड में करियर बनाने का सपना और मजबूत हो गया.
शुरूआत में किया था होटल के वेटर के तैर पर काम
साल 2008 में उनके पिता का अचानक इंतकाल होने के बाद घर चलाने का संकट उनके सामने था, जिसके लिए उन्होंने कई छोटे-मोटे काम किए और इसके साथ-साथ अपनी 12वीं की पढ़ाई भी पूरी की. लेकिन सपने कभी मरते नहीं. साल 2010 में वे आसिफ मुंबई आ गए. गुजारा करने के लिए उन्होंने शुरू में एक होटल में वेटर के तौर पर काम किया. इसके बाद एक मॉल में नौकरी के साथ ही फिल्मों के ऑडिशन देते रहे. जहां उन्हें अभिनय को गहराई से सीखने और थिएटर जॉइन करने की सलाह मिली. इस दौरान उन्होंने रेडी और अग्निपथ जैसी बड़ी फिल्मों में जूनियर आर्टिस्ट के रूप में छोटे रोल किए.
जयपुर जाकर सीखी एक्टिंग की बारीकियां
इसी बात को मानते हुए वह साल 2011 में जयपुर चले गए. वहां उन्होंने 'सार्थक' और 'उजागर' थिएटर ग्रुप में दाखिला लेकर एक्टिंग की बारीकियों को सीखा. साथ ही 5 साल तक उन्होंने साबिर खान के थिएटर समूहों के साथ काम किया.
2015 में, उन्हें पाकिस्तान नेशनल एकेडमी ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स (NAPA) के जरिए कराची में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय थिएटर महोत्सव में भाग लेने का मौका मिला. वहां उन्होंने अजीत सिंह पलावत के जरिए निर्देशित शेक्सपियर के नाटक ए मिडसमर नाइट्स ड्रीम के राजस्थानी संगीतमय रूपांतरण 'कसुमल सपने' में शानदार अभिनय का प्रदर्शन किया.
बॉलीवुड और OTT में करियर की उड़ान
2016 में मुंबई लौटने के बाद, आसिफ ने अपने दोस्त और मेंटर अभिषेक बनर्जी की कास्टिंग एजेंसी 'कास्टिंग बे' में एक साल तक कास्टिंग एसोसिएट के रूप में काम किया. इस दौरान उन्होंने टॉयलेट: एक प्रेम कथा और परी जैसी फिल्मों में कैमियो रोल किए. पिता की मौत के 10 साल बाद उन्हें 'मिर्जापुर' में बाबर का रोल ऑफर हुआ. जिसमें उनकी स्क्रीन प्रेसेज की काफी तारीफ हुई. इसके बाद उन्हें 'पताल लोक', 'जामताड़ा', और 'पंचायत' जैसी सीरीज में काम मिला. 'पंचायत' सीरीज में उनका डायलॉग 'गजब बेइज्जती है यार' काफी फेमस हुआ था. सीरीज में उन्हें भले ही जीजा जी के रोल में कम स्क्रीन टाइम मिला, लेकिन उसे भी उन्होंने बेहतरीन काम करते लोगों का दिल जीत लिया.
'बिग बॉस' में आसिफ खान की धमाकेदार एंट्री
OTT और हिंदी सिनेमा में अपनी पहचान बनाने के बाद, आसिफ खान अब टीवी के सबसे बड़े रियलिटी शो 'बिग बॉस' का हिस्सा बनने जा रहे हैं. सलमान खान के जरिए होस्ट किए जाने वाले इस शो में वे बतौर कंटेस्टेंट शामिल होंगे. शो में वह किस तरह बाकि कंटेस्टेटे के साथ अपना खेल खेलेंगे ये तो आने वाले दिनों में पता लग ही जाएगा, लेकिन उससे पहले फुलेरा के दामाद जी की ग्रैंड एंट्री के लिए 6 सिंतबर को जियो हॉटस्टार और रात 9 बजे कलर्स पर देखें.
यहां देखें बिग बॉस 20 का ट्रेलर
आपके लिए और भी देखें
Bigg Boss 20 LIVE Updates: बिग बॉस 20 का ग्रैंड प्रीमियर आज, ये हैं सलमान के शो के कंटेस्टेंट, टाइम और ओटीटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं