लता मंगेशकर भारत की सबसे लोकप्रिय गायिका थीं. अपने छः दशकों के कार्यकाल में उन्होंने हजारों गाने गाए. लता ने लगभग तीस से ज्यादा भाषाओं में फिल्मी और गैर-फिल्मी गाने गाये हैं लेकिन उनकी पहचान भारतीय सिनेमा में एक पार्श्वगायिका के रूप में रही है. लता की जादुई आवाज की पूरी दुनिया दीवानी है. उनके गानों में रोमांटिक से लेकर सैड, भक्ति और देशभक्ति गाने शामिल हैं. हालांकि आज हम उनके 35 साल पुराने गाने के बारे में बात करने जा रहे हैं, जो राजस्थान की लोक संस्कृति से जुड़ा हुआ है. इस गीत की धुन को राजस्थान के बंजारे सदियों से गा रहे हैं.
कौन सा है वो गाना
लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) के गाए जिस गाने का जिक्र हम आज कर रहे हैं वह आइकॉनिक गाना साल 1991 में रिलीज हुई अनिल कपूर की फिल्म लम्हे का है. गाने के लिरिक्स हैं 'मोरनी बागा मा बोले आधी रात मा' (Morni Baga Ma Bole dance). 35 साल पहले यह गाना खूब लोकप्रिय हुआ था, शादियों, रोडवेज बसों और आटो में यह गाना खूब बजता था. हालांकि बहुत कम लोग जानते हैं कि ये सेलिब्रेशन सॉन्ग नहीं, बल्कि राजस्थान का एक पारंपरिक विरह सॉन्ग है.
बंजारा महिलाओं में लोकप्रिय है गीत
फेसबुक पेज बॉलीवुड वीडियो क्लिप्स के मुताबिक, 'मोरनी बागा में बोले' गाना राजस्थान की बंजारा महिलाएं गाती हैं. पहले के जमाने में आदमी कमाने के लिए परदेस जाता था, तब विरह में पत्नियां यह गीत गाती थीं. यह गाना श्रीदेवी (Sridevi)पर फिल्माया गया था. गाने को मुखड़ा ईला अरुण ने गाया और लता ने अपनी खूबसूरत आवाज से इसे अमर कर दिया. गाने के लिरिक्स आनंद बख्शी ने लिखे थे, जबकि संगीत शिव-हरि ने दिया थे. वहीं इस गाने पर श्रीदेवी ने उम्दा डांस किया था, जिसकी कोरियोग्राफी महान नृत्यांगना सरोज खान (Saroj Khan) ने की थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं