विज्ञापन

ट्विशा शर्मा केस पर बोलीं सोना मोहपात्रा- दहेज मांगने वालों को खुलेआम बेनकाब करो, सुनाया अपने मामा का किस्सा

सोना मोहापात्रा ने अपने वीडियो की शुरुआत एक गाने से की और फिर खुद अपनी जिंदगी का एक किस्सा सुनाया कि कैसे दहेज लेने से इंकार करने पर उनके मामा को गलत नजर से देखा गया था.

ट्विशा शर्मा केस पर बोलीं सोना मोहपात्रा- दहेज मांगने वालों को खुलेआम बेनकाब करो, सुनाया अपने मामा का किस्सा
सोना मोहपात्रा ने तलाक के खिलाफ की अपील
Social Media
नई दिल्ली:

मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले पर मशहूर गायिका सोना मोहपात्रा ने शनिवार को प्रतिक्रिया दी. इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले पोस्ट के बाद से उनके पास लगातार दहेज उत्पीड़न का शिकार हुई लड़कियों के मैसेज आ रहे हैं. गायिका वीडियो की शुरुआत अपने लोकप्रिय गाने 'बाबुल प्यार सजन सखा रे' की पंक्तियां गाकर करती हैं. वीडियो में वे कहती हैं, "पिछले कुछ दिनों में मैंने अपनी रील पर सैकड़ों मैसेज पढ़े. इनमें कई महिलाओं की ऐसी कहानियां थीं, जिन्होंने खुद दहेज प्रताड़ना झेली हैं. कुछ कहानियां ऐसी थीं, जहां शादी सिर्फ इसलिए टूटी गई क्योंकि लड़के वालों ने अचानक कई तरह की मांगें रख दीं. वहीं, लव मैरिज में भी पैसे, गाड़ी और महंगे तोहफों की बातें होने लगीं."

उन्होंने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए समाज की इस गहरी मानसिकता पर रोशनी डालते हुए कहा, "मैं जब बचपन में छुट्टियों के समय अपने गृह राज्य ओडिशा जाती थीं. वहां पर बड़े परिवारों, रिश्तेदारों और शादियों का एक अलग माहौल देखने को मिलता था. मुझे आज भी अच्छी तरह से याद है कि उन शादियों में अक्सर लोगों के मुंह से ऐसी बातें सुनने को मिलती थीं. “दुल्हन क्या लेकर आ रही है? टीवी? गोदरेज की अलमारी? फ्रिज? स्कूटर? अरे बाइक? बाइक लाई है क्या?"

उन्होंने बताया कि लोग इन बातों के साथ दहेज को एक सामान्य चीज की तरह देखते थे. उन्होंने कहा, "मैंने हमेशा यह देखा कि एक बहू परिवार में जिंदगीभर बिना पैसे के काम करने के लिए आती है. वह रोजाना खाना बनाने वाली, देखभाल करने वाली और घर संभालने वाली होती है लेकिन उसे न वेतन मिलता है, न छुट्टी और न ही कोई पहचान."

अपने परिवार का एक सकारात्मक उदाहरण साझा करते हुए उन्होंने बताया, "मुझे यह भी याद है कि मेरे मामा ने दहेज लेने से साफ इनकार कर दिया था लेकिन उनकी तारीफ होने के बजाय लोग उन्हें अजीब नजर से देखने लगे. जैसे उन्होंने कोई गलत काम कर दिया हो. मानो एक सामान्य और सही काम करना ही बहुत बड़ी बात हो."

यह भी पढ़ें: पापा सुपरस्टार लेकिन बेटा नहीं कर पाया कोई चमत्कार, फिल्म, टीवी से लेकर रियलिटी शो में आजमाई किस्मत लेकिन नहीं मिला स्टारडम

सोना ने समाजे के अच्छे लोगों के दोहरे रवैये पर सीधा निशाना साधते हुए कहा, "अब साल 2026 है और अभी भी हमें इतनी सारी महिलाओं की दर्दनाक कहानियां सुनने को मिल रही हैं. कई मामलों में तो लड़की की मौत के बाद भी उसके चरित्र पर सवाल उठाए जाते हैं. सोशल मीडिया पर लोग लिख रहे हैं कि 'वो इसके लायक थी' या 'उसका अफेयर था'. यह सब पढ़कर बहुत दुख और गुस्सा आता है.

अपनी बात को खत्म करते हुए सोना ने युवाओं से बदलाव की अपील करते हुए लिखा, "मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि अगर आप किसी को दहेज मांगते या गिफ्ट के नाम पर लेते देखें, तो उसके खिलाफ आवाज उठाइए, चाहे वह दोस्त हो, रिश्तेदार हो या सहकर्मी. जरूरत पड़े तो खुले तौर पर सवाल पूछिए. शर्म उन लोगों को आनी चाहिए जो दहेज लेते-देते हैं, न कि उन लोगों को जो इसके खिलाफ बोलते हैं. अगर हम सिर्फ इसलिए चुप रहते हैं क्योंकि सच बोलना असहज लगता है, तो हम भी इस व्यवस्था का हिस्सा हैं. फिर हमें हैरान होने का हक नहीं कि किसी और महिला की लाश पर चोट के निशान मिले या पीड़िता को ही बदनाम किया जाए."

यह भी पढ़ें: सलमान खान ने 16 साल की उम्र में किया लॉन्च, स्नेहा उल्लाल का छलका दर्द, ‘मेरी आजादी छिन गई थी, ऐश्वर्या की हमशक्ल कहलाती थी'

लेखक के बारे में
img
उर्वशी नौटियाल
Chief Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sona Mohapatra, Twisha Sharma, Sona Mohapatra Controversies
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com