विज्ञापन

प्रोड्यूसर पर झूठे आरोप लगाकर खुद फंसी शिल्पा शिंदे, AICWA ने सीएम फडणवीस से की सख्त कार्रवाई की मांग

शिल्पा शिंदे के उस कबूलनामे ने नया विवाद खड़ा कर दिया है, जिसमें उन्होंने ‘भाबीजी घर पर हैं’ के प्रोड्यूसर पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों को झूठा बताया. अब AICWA ने महाराष्ट्र सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है.

प्रोड्यूसर पर झूठे आरोप लगाकर खुद फंसी शिल्पा शिंदे, AICWA ने सीएम फडणवीस से की सख्त कार्रवाई की मांग
झूठे आरोप लगाकर खुद फंसी शिल्पा शिंदे

टेलीविजन इंडस्ट्री की फेमस एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे इन दिनों अपने ही एक बयान की वजह से विवादों में घिरती नजर आ रही हैं. हाल ही में उन्होंने एक पॉडकास्ट के दौरान वर्षों पुराने यौन उत्पीड़न मामले को लेकर ऐसा खुलासा किया, जिसने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में नई बहस छेड़ दी है. शिल्पा के बयान के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं, वहीं कई कलाकार और संगठन भी इस मुद्दे पर खुलकर सामने आ गए हैं. अब ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने भी इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए महाराष्ट्र सरकार से जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है.

AICWA ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग

AICWA ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक विस्तृत बयान जारी किया. संगठन ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से अपील की कि मामले की पूरी निष्पक्षता के साथ जांच करवाई जाए. संगठन का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर झूठे आरोप लगाए गए हों, तो यह केवल आरोपी व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे न्याय तंत्र को प्रभावित करता है.

AICWA ने कहा कि ऐसे मामलों से उन लोगों की लड़ाई भी कमजोर पड़ जाती है, जो वास्तव में उत्पीड़न का शिकार हुए हैं और न्याय की उम्मीद में आगे आते हैं. संगठन का मानना है कि झूठे आरोपों के कारण असली पीड़ितों की शिकायतों पर भी संदेह पैदा होने लगता है.

पॉडकास्ट में दिए बयान से मचा बवाल

हाल ही में कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान शिल्पा शिंदे ने उस पुराने विवाद का जिक्र किया, जो ‘भाबीजी घर पर हैं' छोड़ने के बाद सामने आया था. बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि उन्होंने उस समय अपने प्रोड्यूसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था, लेकिन अब वह स्वीकार करती हैं कि वह आरोप सच नहीं थे. उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर विवाद को जन्म दे दिया. कई लोगों ने सवाल उठाया कि यदि आरोप झूठे थे तो उस समय मामला दर्ज क्यों कराया गया था. 

2016-17 में क्या था पूरा विवाद?

शिल्पा शिंदे ने लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘भाबीजी घर पर हैं' में अंगूरी भाभी का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाई थी. हालांकि वर्ष 2016 में उन्होंने अचानक शो छोड़ दिया, जिसके बाद निर्माता और अभिनेत्री के बीच विवाद खुलकर सामने आया. उस समय शिल्पा ने निर्माताओं पर भुगतान संबंधी विवाद, मानसिक उत्पीड़न और कामकाजी माहौल खराब करने जैसे आरोप लगाए थे. बाद में उन्होंने निर्माता संजय कोहली के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला भी दर्ज कराया था. हालांकि यह विवाद आगे चलकर आपसी समझौते के जरिए समाप्त हो गया था.

कलाकारों और संगठनों की तीखी प्रतिक्रिया

शिल्पा के हालिया बयान के बाद कई फिल्मी और टीवी हस्तियों ने नाराजगी जाहिर की है. अभिनेत्री हिना खान और पूजा बेदी ने सार्वजनिक रूप से इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि झूठे आरोपों को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए. फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए सवाल उठाए. वहीं पुरुष अधिकारों से जुड़े कुछ संगठनों ने भी शिल्पा शिंदे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि यदि कोई व्यक्ति झूठे आरोप लगाने की बात स्वीकार करता है तो कानून को निष्पक्ष रूप से अपना काम करना चाहिए.

अब क्या होगा आगे?

फिलहाल यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है. शिल्पा शिंदे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो साझा कर सफाई देने की कोशिश कर रही हैं. दूसरी ओर AICWA सहित कई संगठन इस पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जांच की मांग कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: शक्तिमान का वो कैरेक्टर, जो 2-4 एपिसोड के लिए था बना, दूरदर्शन की तरफ से मिली तारीफें, हो गया परमानेंट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com