विज्ञापन

71 साल पुराना ऋषि कपूर का पहला सदाबहार गाना, पिता को नरगिस दत्त के साथ करते देखा रोमांस, आज भी दिलों में बसी मन्ना डे-लता की जुगलबंदी

71 साल पहले रिलीज हुए एक सदाबहार गाने में ऋषि कपूर पहली बार कैमरे के सामने नजर आए थे. दिलचस्प बात यह है कि उसी गाने में उनके पिता राज कपूर और नरगिस का आइकॉनिक रोमांस फिल्माया गया था.

71 साल पुराना ऋषि कपूर का पहला सदाबहार गाना, पिता को नरगिस दत्त के साथ करते देखा रोमांस, आज भी दिलों में बसी मन्ना डे-लता की जुगलबंदी
71 साल पहले इस गाने में नजर आए थे नन्हे ऋषि कपूर

ऋषि कपूर हिंदी सिनेमा के उन सितारों में रहे, जिन्होंने पर्दे पर रोमांस को एक नई पहचान दी. उनकी मुस्कान और चॉकलेटी लुक ने कई पीढ़ियों को अपना दीवाना बनाया. लेकिन क्या आप जानते हैं कि फिल्मों में रोमांटिक छवि बनाने वाले ऋषि कपूर का कैमरे से सामना बेहद छोटी उम्र में हो गया था? वह सिर्फ दो साल के थे, जब पहली बार एक मशहूर गाने में नजर आए. यह गाना 1955 में रिलीज हुई राज कपूर और नरगिस की फिल्म ‘श्री 420' का था. आज भी इस गाने को लोग प्यार से सुनते हैं. इसकी धुन, बोल और आवाज इसे सदाबहार बनाते हैं.

‘श्री 420' के गाने में नजर आए थे ऋषि कपूर

साल 1955 में रिलीज हुई फिल्म ‘श्री 420' हिंदी सिनेमा की यादगार फिल्मों में गिनी जाती है. राज कपूर और नरगिस दत्त की जोड़ी ने फिल्म में खूब लोकप्रियता हासिल की थी. फिल्म के गाने भी दर्शकों के बीच छा गए थे. इसी फिल्म के एक गाने में नन्हे ऋषि कपूर दिखाई दिए थे. यह उनकी फिल्मों से जुड़ी शुरुआती यादों में से एक है. उस समय शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि यह छोटा बच्चा आगे चलकर हिंदी सिनेमा का बड़ा स्टार बनेगा.

‘प्यार हुआ इकरार हुआ' में दिखे नन्हे ऋषि

जिस गाने की बात हो रही है, वह है ‘प्यार हुआ इकरार हुआ'. यह गाना राज कपूर और नरगिस पर फिल्माया गया था. बारिश के बीच दोनों की रोमांटिक केमिस्ट्री आज भी लोगों को पसंद आती है. गाने में तीन बच्चों का एक सीन भी है. इनमें सबसे छोटे बच्चे ऋषि कपूर थे. उनके साथ उनके भाई रणधीर कपूर और बहन रितु नंदा भी नजर आए थे. इस तरह ऋषि ने बेहद कम उम्र में ही कैमरे का सामना किया.

चॉकलेट के लिए मान गए थे ऋषि कपूर

ऋषि कपूर ने एक पुराने इंटरव्यू में इस शूट से जुड़ा दिलचस्प किस्सा बताया था. उनके मुताबिक, बारिश में शूट करना उनके लिए आसान नहीं था. वह छोटे थे और कैमरे के सामने एक्सप्रेशन भी नहीं दे पा रहे थे. तब नरगिस दत्त ने उन्हें मनाने का एक प्यारा तरीका निकाला. उन्होंने नन्हे ऋषि को चॉकलेट देने का वादा किया. चॉकलेट मिलने की उम्मीद में ऋषि शूट के लिए तैयार हो गए. इस तरह यह यादगार सीन पूरा हो सका.

लता-मन्ना डे की आवाज ने बनाया अमर

‘प्यार हुआ इकरार हुआ' को मन्ना डे और लता मंगेशकर ने अपनी आवाज दी थी. गाने के बोल मशहूर गीतकार शैलेंद्र ने लिखे थे. इसका संगीत शंकर-जयकिशन ने तैयार किया था. बारिश में छाता लिए राज कपूर और नरगिस का यह रोमांटिक अंदाज आज भी लोगों को पसंद आता है. गाने की सादगी ही इसकी सबसे बड़ी खासियत है. यही वजह है कि रिलीज के कई दशक बाद भी यह गीत लोगों की प्लेलिस्ट में बना हुआ है.

ऋषि कपूर आगे चलकर रोमांटिक हीरो के रूप में बेहद लोकप्रिय हुए. लेकिन उनकी इस पहचान से बहुत पहले ही उनका चेहरा एक ऐसे गाने में कैद हो चुका था, जिसे हिंदी सिनेमा के सबसे यादगार गीतों में गिना जाता है.

यह भी पढ़ें: श्रीदेवी ने 36 साल पुराने इस गाने में लिए थे 13 एक्ट्रेसेस के रूप, बनीं हेमा-रेखा-मीना-मधुबाला, बप्पी लाहिरी का म्यूजिक आशा ने किया सदाबहार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rishi Kapoor, Raj Kapoor, Nargis Dutt, Entertainment, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com