प्राइम फोकस स्टूडियोज ने निर्माता नमित मल्होत्रा की ‘रामायण' के लिए सोनी पिक्चर्स को ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूटर बनाया है. प्राइम फोकस स्टूडियोज़ ने घोषणा की है कि निर्माता नमित मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण' का भारत के बाहर दुनियाभर में वितरण अब सोनी पिक्चर्स करेगी. यह फिल्म दुनिया की सबसे प्राचीन और प्रभावशाली महाकाव्य कथाओं में से एक रामायण पर आधारित एक भव्य सिनेमाई प्रस्तुति है. इसके चलते मेकर्स ने 24 जुलाई को रिलीज होने वाले ट्रेलर की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी है.
रामायण का ट्रेलर हुआ पोस्टपोन
रामायण का ट्रेलर 24 जुलाई को रिलीज किया जाना था. लेकिन मेकर्स ने रिलीज से कुछ घंटों पहले ऐलान किया कि ट्रेलर की रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया गया है. वहीं इस अनाउंसमेंट से फैंस के बीच निराशा देखने को मिली है. इसके चलते सोशल मीडिया पर फैंस गुस्सा जाहिर कर रहे हैं.
कई भाषाओं में रिलीज होगी रामायण
यह फैंटेसी एक्शन-एडवेंचर फिल्म प्राइम फोकस स्टूडियोज़ के नमित मल्होत्रा ने प्रोड्यूस की है, जो आठ बार ऑस्कर जीत चुकी विजुअल इफेक्ट्स कंपनी डीएनईजी के ग्लोबल सीईओ भी हैं. फिल्म में रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी मुख्य भूमिकाओं में हैं. इसका निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है और संगीत ऑस्कर विजेता हैं. ज़िमर और ए.आर. रहमान ने दिया है. ‘रामायण' को शुरुआत से ही दुनिया भर के दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाया गया है. यह फिल्म कई भाषाओं में रिलीज़ होगी, जिसमें एक खास अंग्रेज़ी संस्करण भी शामिल होगा.
एआर रहमान तैयार करेंगे म्यूजिक
निर्देशक नितेश तिवारी की इस फिल्म में दुनिया की बेहतरीन फिल्म निर्माण टीम शामिल है. फिल्म का संगीत हैंस ज़िमर और ए.आर. रहमान ने तैयार किया है. एक्शन की जिम्मेदारी टेरी नोटरी और गाय नॉरिस ने संभाली है, जबकि प्रोडक्शन डिज़ाइन रामसे एवरी और रवि बंसल ने किया है. इसके साथ ही दुनिया भर के हजारों कलाकारों और तकनीकी विशेषज्ञों ने इस फिल्म पर काम किया है.
रामायण के बारे में निमत मल्होत्रा ने कही ये बात
नमित मल्होत्रा ने कहा, “पीढ़ियों से ‘रामायण' अपने मानवीय मूल्यों और प्रेरणादायक संदेश के जरिए लोगों को प्रेरित करती आई है. हमारी कोशिश हमेशा रही है कि इस विरासत का सम्मान करते हुए इसे दुनिया भर के दर्शकों के लिए एक भव्य सिनेमाई अनुभव बनाया जाए. डीएनईजी के जरिए हमने कई दशकों तक दुनिया के बड़े फिल्मकारों के सपनों को साकार करने में योगदान दिया है. अब प्राइम फोकस स्टूडियोज़ के साथ हम उसी समर्पण के साथ दुनिया के सबसे महान महाकाव्यों में से एक ‘रामायण' को बड़े पर्दे पर ला रहे हैं. सोनी पिक्चर्स के साथ यह साझेदारी हमें दुनिया भर के दर्शकों तक इस कालजयी कहानी को पहुंचाने का शानदार अवसर देती है.”
ये भी पढे़ं- रामायण के जटायु, जामवंत और शूर्पणखा अब कैसे दिखते है, इंटरनेट पर वायरल वीडियो, इस अंदाज में एक्टर्स आए नजर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं