देशभर में NEET एग्जाम के पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन चल रहा है. हालांकि अब सोनम वांगचुक ने जहां अनशन तोड़ दिया है तो वहीं सलमान खान से लेकर आलिया भट्ट जैसे सितारे छात्रों के आंदोलन पर रिएक्शन दे रहे हैं. इसमें 2017 की मिस वर्ल्ड और एक्ट्रेस मानुषी छिल्लर का भी नाम शामिल हैं, जिन्होंने हाल ही में छात्रों का दर्द समझते हुए खुलासा किया कि पेपर लीक होने की वजह से उन्हें भी दो बार NEET एग्जाम देना पड़ा था.
मानुषी छिल्लर ने किया स्टूडेंट को सपोर्ट
मानुषी छिल्लर ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “एक असमान दुनिया में, शिक्षा ही सबसे बड़ा बराबरी लाने वाला जरिया बनती है. सुधार की कोशिश को कभी भी हमारे संस्थानों को नकारने जैसा नहीं समझना चाहिए. लोकतंत्र तब और मजबूत होते हैं जब वे सुनने, सीखने और सुधार करने के लिए तैयार रहते हैं. हर पीढ़ी की यह जिम्मेदारी है कि वह अपने बाद आने वालों के लिए उस सिस्टम से बेहतर सिस्टम छोड़कर जाए, जो उसे विरासत में मिला था.”
ये भी पढ़ें- रामायण के जटायु, जामवंत और शूर्पणखा अब कैसे दिखते है, इंटरनेट पर वायरल वीडियो, इस अंदाज में एक्टर्स आए नजर
मानुषी छिल्लर ने दो बार दिया नीट का NEET
इस पोस्ट के साथ कैप्शन में मानुषी छिल्लर ने लिखा, "मेरा हमेशा से मानना रहा है कि इस असमान दुनिया में, शिक्षा ही सबसे बड़ा बराबरी लाने वाला जरिया है. जो लोग कह रहे हैं कि "बस इसे दोबारा लिख लो," वे असल बात नहीं समझ रहे हैं कि हमें सेंसिटिविटी दिखानी होगी. मैंने भी 2015 में पेपर लीक होने की वजह से दो बार परीक्षा दी थी. यह सिर्फ एक एग्जाम नहीं है. इसमें सालों की मेहनत, रातों की नींद की कुर्बानी, त्याग और उम्मीदें शामिल होती हैं. तब हमने अपने सिस्टम की कमियों को स्वीकार किया और जो समाधान दिया गया, उसे मान लिया. अब, एक दशक बाद, हम बदलाव की उम्मीद करते हैं.
माता-पिता की मेहनत का भी किया जिक्र
आगे उन्होंने लिखा, डॉक्टर बनने के अपने सपने की असल कीमत का एहसास तब होता है जब आप किसी कोचिंग सेंटर में होते हैं. जहां माता-पिता अपनी हैसियत से ज्यादा कर्ज लेकर बच्चों को पढ़ने भेजते हैं या जहां लोग सालों से परीक्षा पास करने की कोशिश कर रहे होते हैं. ये वही साल थे जब महामारी के कारण मैं अपने शुरुआती 20s के दशक में घर पर बैठकर हताश महसूस कर रहा था, देरी का सामना कर रहा था. एक ऐसा दौर जब इंसान बस कुछ सार्थक और असरदार करना चाहता है. सोच सीधी-सी है. शिक्षा सब कुछ बदल सकती है.
मानुषी छिल्लर ने कहा- मुझे भारत पर भरोसा है
मानुषी छिल्लर ने लिखा, यह बात हमारे देश या हमारे संस्थानों के विरोध की नहीं है. यह इस विश्वास की बात है कि उन्हें और बेहतर बनाया जा सकता है. हर पीढ़ी की यह जिम्मेदारी होती है कि वह अपने बाद आने वालों के लिए उस सिस्टम से बेहतर सिस्टम छोड़े जो उसे विरासत में मिला था. मुझे भारत पर भरोसा है. मुझे हमारे लोकतंत्र पर भरोसा है और मुझे यकीन है कि सबसे मजबूत समाधान बातचीत, संवैधानिक प्रक्रियाओं और आपसी सम्मान से ही निकलते हैं. आइए, हम करुणा को अपना मार्गदर्शक बनाएं. समझदारी हमें एकजुट करें और हम कभी न भूलें कि हमारे युवा ही हमारा भविष्य हैं. जय हिंद.”
ये भी पढ़ें- राज कपूर का कालजयी गाना, जिसमें मुकेश ने आखिरी बार दी आवाज, 51 साल बाद लिरिक्स देते हैं जिंदगी की सीख
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं