रामायणम् को कर्नाटक में कामयाबी दिलाने का जिम्मा रावण को सौंप दिया गया है. जी हां, अब लंकेश के कंधों पर ये बड़ी जिम्मेदारी आ गई है. रामायणम् में रावण के किरदार में नजर आने वाले रॉकिंग स्टार यश अब सिर्फ पर्दे पर ही नहीं, पर्दे के पीछे भी मचाएंगे धमाल. नमित मल्होत्रा के साथ फिल्म के प्रोड्यूसिंग पार्टनर यश की कंपनी मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस का डिस्ट्रीब्यूशन विंग अब कर्नाटक में फिल्म की रिलीज की जिम्मेदारी संभालेगा.
रावण बनकर बड़े पर्दे पर छाने की तैयारी कर रहे रॉकिंग स्टार यश का रामायणम् से जुड़ाव अब एक्टिंग और प्रोडक्शन से भी आगे बढ़ गया है. मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस का डिस्ट्रीब्यूशन विंग कर्नाटक में इस मेगा प्रोजेक्ट की रिलीज की कमान संभालने जा रहा है. यानी यश अब सिर्फ अपनी दमदार मौजूदगी से दर्शकों को दीवाना नहीं बनाएंगे, बल्कि अपनी कंपनी के जरिए इस महागाथा को कर्नाटक के दर्शकों तक पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाएंगे.
डिस्ट्रीब्यूशन विंग की शुरुआत के साथ मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस ने प्रोडक्शन से आगे बढ़ते हुए अपने बिजनेस का दायरा बढ़ाया है. भारतीय सिनेमा के सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स में शामिल रामायणम् को बड़े पैमाने पर दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में यह एक अहम कदम है.
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही रामायणम् भारतीय महाकाव्य की दो हिस्सों में पेश की जाने वाली भव्य सिनेमाई गाथा है. शानदार स्टारकास्ट और बड़े स्केल पर तैयार हो रही यह फिल्म सदियों पुरानी कहानी को नए सिनेमाई अंदाज में बड़े पर्दे पर जीवंत करने के लिए तैयार है.
फिल्म की रिलीज को देश और दुनिया के अलग-अलग बाजारों में पहुंचाने के लिए बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन की कमान सोनी पिक्चर्स संभालेगा, जबकि करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस उत्तर भारत में फिल्म को रिलीज करेगी. दिल राजू आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की जिम्मेदारी संभालेंगे, वहीं कर्नाटक में मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस का डिस्ट्रीब्यूशन विंग मोर्चा संभालेगा. तमिलनाडु में थिंक स्टूडियोज और मुकेश मेहता के नेतृत्व वाला ई4 एंटरटेनमेंट केरल में फिल्म की रिलीज की जिम्मेदारी निभाएगा.
अब जब ‘रामायण' की रिलीज के लिए तैयारियां जोर पकड़ रही हैं, तो कर्नाटक में यश की कंपनी की एंट्री ने इस मेगा प्रोजेक्ट को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है. रामायणम् 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं