श्री रामलीला महासंघ के प्रेसिडेंट श्री अर्जुन कुमार ने इस दिवाली पर देश विदेश में रिलीज हो रही रणबीर कपूर, सनी देओल यश स्टारर डायरेक्टर नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म रामायण के मेकर्स को एक पत्र लिखकर मांग की है फिल्म को सिनेमा घरों में रिलीज करने से पहले यह फिल्म श्री रामलीला महासंघ के प्रतिनिधि मंडल को दिखाई जाए. नितेश तिवारी और फिल्म की प्रोडक्शन कम्पनी को लिखे पत्र में अर्जुन कुमार ने उन्हें याद दिलाया है कि इससे पहले भूषण कुमार की मेगा बजट प्रभास, सैफ अली खान स्टारर फिल्म आदिपुरुष के भी कई सीन पर सनातनी और रामलीला मंचन से जुडे लोगों ने कड़ा एतराज जताया था इन सीन में सोने की लंका को काला दिखाना, महाज्ञानी रावण को मंगोल लुटेरो और उनकी सेना को राक्षसों की सेना आदि कई सीन थे. इसका नतीजा बाक्स आफिस पर फिल्म फ्लाप रही.
अर्जुन कुमार ने पत्र में आगे कहा है कि हमें मिली अधिकृत जानकारी के अनुसार इस फिल्म में ऐसे कई सीन हैं जो देश विदेश में बसे हिन्दुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकते हैं, ऐसे में श्री रामलीला महासंघ इस फिल्म को रिलीज से पूर्व विशेष शो में देखकर निश्चित करना चाहता है कि अगर फिल्म में ऐसा कोई विवादास्पद सीन या डायलॉग है तो उसे रिलीज से पहले हटा दिया जाए. उन्होंने फिल्म के मेकर्स को चेतावनी दी है कि अगर ऐसा न किया गया तो दिल्ली सहित अन्य राज्यों के उन सिनेमाघरों के बाहर हिंदू संगठनों के साथ श्री रामलीला महासंघ के हजारों की संख्या में विरोध व धरना प्रदर्शन करेंगे.

इस पर आगे बात करते हुए कुमार ने एचटी सिटी से कहा, "इस नई फिल्म के ट्रेलर में श्री राम के किरदार में कोई भावना नहीं दिख रही है. जो श्री राम हमेशा गरिमा के साथ रहे, उन्हें किसी को मारने के लिए कसम खाते और गुस्सा करते हुए कैसे दिखाया जा सकता है! साथ ही, वही एक्टर रणबीर कपूर एक कमर्शियल विज्ञापन में अयोध्या में जमीन बेचने का प्रचार कर रहे हैं और यहां वह श्री राम का किरदार निभा रहे हैं. क्या राम कभी अयोध्या की जमीन बेचेंगे?"
यह भी पढ़ें: 'सीता' को अपने लुक पर नहीं था कॉन्फिडेंस, चेहरे पर पिंपल की वजह से घर से निकलने में घबराती थी एक्ट्रेस
उन्होंने आगे कहा, "हम लगभग 50 सालों से रामायण का मंचन कर रहे हैं और हमें नहीं लगता कि फिल्म के ट्रेलर में इस्तेमाल किए गए कपड़े रामायण के किरदारो को दिखाने के लिए सही हैं. हमें इन सभी बातों पर आपत्ति है, जिन्हें फिल्म रिलीज होने के बाद दर्शक शायद पसंद न करें."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं