कभी डांस रियलिटी शो में अपने स्लो मोशन स्टाइल से लोगों का दिल जीतने वाला एक लड़का आज बॉलीवुड के सबसे बिजी सितारों में गिना जा रहा है. पहले हीरो, फिर विलेन और अब इंडियन सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में से एक में बेहद दमदार किरदार. इतना ही नहीं, शाहरुख खान की मच अवेटेड फिल्म 'किंग' में भी इनकी एंट्री की चर्चा है. आर्यन खान के करीबी दोस्त माने जाने वाले इस स्टार का करियर इन दिनों ऐसी रफ्तार पकड़ चुका है कि हर तरफ सिर्फ इन्हीं की बातें हो रही हैं.
टीवी से बॉलीवुड के मेघनाद तक
हम बात कर रहे हैं राघव जुयाल की. डांसर, होस्ट और अब दमदार एक्टर बन चुके राघव ने अपने करियर की शुरुआत 'डांस इंडिया डांस' से की थी. अपने अलग अंदाज और स्लो मोशन डांस स्टाइल की वजह से वो देखते ही देखते घर-घर में मशहूर हो गए. इसके बाद उन्होंने कई टीवी शोज होस्ट किए और फिर फिल्मों का रुख कर लिया. राघव ने 'सोनाली केबल', 'बहन होगी तेरी', 'नवाबजादे', 'किसी का भाई किसी की जान' और 'किल' जैसी फिल्मों में काम किया. खास बात ये रही कि 'किल' में उनका खूंखार विलेन वाला किरदार दर्शकों को इतना पसंद आया कि हर किसी ने उनकी एक्टिंग की तारीफ की. इसी फिल्म के बाद उन्हें सिर्फ डांसर नहीं, बल्कि एक सीरियस एक्टर के तौर पर भी देखा जाने लगा.
अब राघव के करियर में सबसे बड़ा मोड़ आने वाला है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही नितेश तिवारी की 'रामायण' में वह मेघनाद (इंद्रजीत) का किरदार निभाते नजर आएंगे.

ये भी पढ़ें- Success Story: शहंशाह-ए-गजल ने झेला बंटवारे का दर्द, दिन में नौकरी रात में रियाज, लता मंगेशकर भी थीं मेहदी हसन की फैन
'किंग' समेत कई बड़े प्रोजेक्ट्स में आएंगे नजर
रामायण में मेघनाद रावण का सबसे ताकतवर और बुद्धिमान योद्धा माना जाता है, इसलिए इस किरदार को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट भी काफी बढ़ गई है. राघव जुयाल का नाम सिर्फ 'रामायण' तक ही सीमित नहीं है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही जानकारी के अनुसार वो शाहरुख खान की 'किंग' का भी हिस्सा हैं. इसके अलावा उनके खाते में 'द पैराडाइज', 'एबीसीडी 3', 'इकाई' और 'हसल' जैसे प्रोजेक्ट्स भी बताए जा रहे हैं. हालांकि इनमें से कुछ फिल्मों को लेकर ऑफिशियल कंफर्मेशन का इंतजार है. राघव की दोस्ती आर्यन खान से भी किसी से छिपी नहीं है. दोनों को कई बार साथ देखा गया है और इंडस्ट्री में उनकी अच्छी बॉन्डिंग की चर्चा होती रहती है.
ये भी पढ़ें- The Odyssey box office collection Day 1: द ओडिसी का भारत में जलवा, पहले ही दिन बड़ी ओपनिंग करने वाली हॉलीवुड फिल्म
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं