रामायण पर बन रही नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म इन दिनों हर तरफ छाई हुई है और इसका बज लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है. करीब 4000 करोड़ के बड़े बजट में तैयार हो रही ये फिल्म पहले ही भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में गिनी जा रही है. 2 अप्रैल यानी आज हनुमान जयंती के मौके पर इसका टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर हलचल तेज हो गई और फैंस का लंबा इंतजार खत्म हो गया. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के रोल में नजर आएंगे, यश रावण बने हैं, साई पल्लवी सीता का किरदार निभा रही हैं और सनी देओल हनुमान के रोल में दिखेंगे. टीजर के शानदार सीन और दमदार म्यूजिक ने लोगों की एक्साइटमेंट को और भी बढ़ा दिया है.
ये भी पढ़ें: जब-जब ‘हनुमान' बनकर आए ये सितारे, पर्दे पर मचाई धूम, अब कोई सुपरहिट तो कोई गुमनाम
टीजर ने बढ़ाया क्रेज
हनुमान जयंती के मौके पर रिलीज हुए इस टीजर ने आते ही इंटरनेट पर धूम मचा दी. टीजर में राम का शांत और मजबूत रूप दिखाया गया है, जो लोगों को काफी पसंद आ रहा है. हालांकि सीता और लक्ष्मण के किरदार को ज्यादा नहीं दिखाया गया, जिससे लोगों की उत्सुकता और बढ़ गई है. वहीं आखिर में रावण की हल्की सी झलक ने फैंस के बीच सस्पेंस और भी बढ़ा दिया है.
फीस को लेकर मचा शोर
अब बात उस खबर की जो सबसे ज्यादा सुर्खियों में है. इस फिल्म में सबसे ज्यादा फीस किसे मिली. रिपोर्ट्स के मुताबिक रणबीर कपूर ने भगवान राम के किरदार के लिए करीब 150 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं. वहीं रावण के रोल में नजर आने वाले यश को लगभग 100 करोड़ रुपये मिले हैं. यानी फीस के मामले में रणबीर कपूर सबसे आगे निकल गए हैं.
बाकी स्टार्स की फीस भी जानिए
फिल्म में साई पल्लवी सीता के रोल में नजर आएंगी, जिनकी फीस करीब 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है. वहीं सनी देओल हनुमान के किरदार में दिखेंगे और उन्हें 20 से 40 करोड़ रुपये के बीच फीस मिली है. लक्ष्मण के रोल में रवि दुबे नजर आएंगे, जिनकी फीस 2 से 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इसके अलावा रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के रोल में दिखेंगी और उनकी फीस 1 से 2 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है.
कब रिलीज होगी फिल्म
ये बड़ी फिल्म इस साल दिसंबर में रिलीज हो सकती है. अभी से इसका बज काफी हाई है और लोग इसे देखने के लिए काफी एक्साइटेड हैं. बड़े स्टार्स और बड़ी कहानी के साथ ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं