ठीक तीन साल पहले आज के दिन, 28 अप्रैल 2023 को मणिरत्नम की बहुप्रतीक्षित फिल्म पोन्नियिन सेल्वन: पार्ट 2 (Ponniyin Selvan 2) रिलीज हुई थी. चोल साम्राज्य की ऐतिहासिक महागाथा पर आधारित इस फिल्म ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया, लेकिन इसके पीछे एक दिलचस्प किस्सा भी जुड़ा है. साउथ सुपरस्टार रजनीकांत (Rajinikanth) खुद इसमें काम करना चाहते थे, मगर डायरेक्टर मणिरत्नम ने उन्हें कोई रोल देने से साफ इनकार कर दिया. सुनने में कुछ अजीब लग सकता है. लेकिन यह सच है. जब सभी डायरेक्टर थलाइवा के साथ काम करने की हसरत रखते हैं तो डायरेक्टर कौन था और क्यों मना किया था, आइए सब कुछ जानते हैं.
सुपरस्टार रजनीकांत ने खुद बताया था कि उन्होंने मणिरत्नम से पेरिया पझुवेत्तरैयर का रोल मांगा था. मणिरत्नम ने मना कर दिया. उनका कहना था कि फिल्म में कोई ऐसा किरदार नहीं था जो रजनीकांत की स्टार इमेज के अनुरूप फिट बैठता. दिलचस्प बात यह है कि मणिरत्नम और रजनीकांत पहले तलपती (1991) के जरिए साथ काम कर चुके हैं, लेकिन पोन्नियिन सेल्वन के लिए डायरेक्टर ने फैसला लिया कि कहानी के किरदार ही चमकें, कोई सुपरस्टार नहीं. रजनीकांत ने इस फैसले को बड़ी स्पोर्टिंग तरीके से लिया और बाद में मणिरत्नम की तारीफ भी की.

पोन्नियिन सेल्वन: पार्ट 2 में ऐश्वर्या राय बच्चन की परफॉर्मेंस को क्रिटिक्स और दर्शकों दोनों ने खूब सराहा. फिल्म में विक्रम, कार्ती, जयम रवि, तृषा कृष्णन और शोभिता धुलिपाला लीड रोल में नजर आए.
दोनों पार्ट्स मिलाकर फिल्म का कुल बजट 500 करोड़ था, जिसमें पीएस 2 का हिस्सा लगभग 250 करोड़ था. फिल्म ने वर्ल्डवाइड 345 करोड़ का कारोबार किया. भारत में 215 करोड़ और विदेश में 130 करोड़ की कमाई हुई. रवि वर्मन की शानदार सिनेमैटोग्राफी और ए.आर. रहमान का म्यूजिक फिल्म की सबसे बड़ी ताकत रहे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं