अभिनेता प्रेम नाथ के बेटे प्रेम किशन ने हाल ही में बताया कि चीन में मानसरोवर झील की आध्यात्मिक यात्रा के दौरान उनके पिता को अमेरिकी जासूस होने के शक में हिरासत में ले लिया गया था. उन्होंने यह भी बताया कि कैसे दिवंगत अभिनेता ने खुद को वहां से छुड़वाया. विक्की लालवानी के साथ बातचीत में किशन ने कहा, "हीरो बनने के बाद प्रेम नाथ बहुत धार्मिक हो गए थे. उन्होंने भारत के सभी धामों की यात्रा की. असल में वे चीन में कैलाश-मानसरोवर जाने वाले पहले व्यक्ति थे. वे पैदल चलकर वहां तक गए थे. वे अपने साथ एक छोटी सी टीम ले गए थे और मानसरोवर पर एक डॉक्यूमेंट्री बनाई थी. आज वहां जाना बहुत आसान है, लेकिन उस समय यह बहुत मुश्किल था."
प्रेम नाथ के बेटे प्रेम किशन ने आगे बताया कि कैसे चीन के मानसरोवर में उनके पिता को अमेरिकी जासूस होने के शक में हिरासत में ले लिया गया था. उन्होंने कहा, "एक बार हमें चीन के एक मंत्री ने आमंत्रित किया था. वे मुख्य अतिथि के तौर पर भारत आए थे. उन्होंने पिताजी से कहा था कि अगर वे कभी चीन आएं, तो मेहमाननवाजी का मौका दें. इसलिए जब वे वहां गए और उन्हें हिरासत में ले लिया गया, तो उन्होंने मंत्री को एक टेलेक्स भेजा. उसमें लिखा था कि मैं एक भारतीय अभिनेता हूं, और मुझे नहीं पता था कि आप अपने मेहमानों के साथ ऐसा बर्ताव करते हैं. उन्होंने उन्हें इसलिए हिरासत में रखा था क्योंकि उन्हें लगा कि वे कोई अमेरिकी जासूस हैं. तब उन्होंने टेलेक्स भेजकर साफ किया कि वे कोई जासूस नहीं, बल्कि सिर्फ एक अभिनेता हैं." आखिरकार अभिनेता को हिरासत से रिहा कर दिया गया.
2017 में 'फिल्मफेयर' को दिए एक इंटरव्यू में प्रेम नाथ के छोटे बेटे कैलाश नाथ (जिन्हें मोंटी मल्होत्रा के नाम से भी जाना जाता है. अपने नाम के पीछे की कहानी बताई और अपने पिता की आध्यात्मिक यात्रा को याद किया. “पापा का झुकाव धर्म की ओर हो गया था. उन 14 सालों में वे चार धाम की यात्रा पर गए. उन्होंने हिमालय की यात्रा की. 1957 में उन्होंने कैलाश पर्वत पर एक डॉक्यूमेंट्री बनाई. वे 1958 में वापस लौटे, जब मेरा जन्म हुआ. इसलिए मेरा नाम कैलाश रखा गया. उस दौरान उन्होंने तीन किताबें लिखीं - 'टियर्स ऑफ द हार्ट', 'दिल के आंसू' और 'श्रद्धांजलि'. लोग कहते थे कि वे साधु बन गए हैं, लेकिन उनके लिए इंसानियत सबसे ऊपर थी. वे कहते थे, 'मेरा नाम प्रेमनाथ है. मैं तो बस प्रेम बांटने आया हूँ.'”
मोंटी ने आगे कहा, “उन सालों में उन्होंने कभी मांसाहारी खाना नहीं खाया और न ही शराब को हाथ लगाया, लेकिन कई सालों बाद, जब उन्हें किडनी में पथरी हो गई, तो डॉक्टर ने उन्हें बीयर पीने की सलाह दी. फिर व्हिस्की, जिन... ये सब भी शुरू हो गया. इस दौरान मैं उनके काफी करीब आ गया. वे मेरे लिए मां और पिता दोनों थे, क्योंकि मां अक्सर शूटिंग में व्यस्त रहती थीं. बाद में उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली और परिवार के लिए अपना करियर छोड़ दिया. 'दादी मां' (1966) उनकी आखिरी फिल्म थी.”
यह भी पढ़ें- पवन सिंह का पहला गाना, ओढ़निया वाली 29 साल पहले हुआ था रिलीज, यूट्यूब पर करोड़ों में व्यूज, क्या आपने सुना ?
1940 के दशक के आखिर और 1950 के दशक की शुरुआत में 'बरसात' (1949) और 'आन' (1952) जैसी कई हिट फिल्में देने के बाद, 1950 के दशक के मध्य में प्रेमनाथ के करियर में ब्रेक आ गया. ऐसा तब हुआ जब उनके अपने बैनर 'पीएन फिल्म्स', जिसे उन्होंने अपनी पत्नी और अभिनेत्री बीना राय के साथ शुरू किया था. इसके तहत बनी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गईं. इसके बाद, 1950 के दशक के आखिर में प्रेमनाथ ने फिल्मों से किनारा कर लिया और आध्यात्मिक खोज में निकल गए. लगभग एक दशक तक फिल्म इंडस्ट्री से दूर रहने के बाद उन्होंने विजय आनंद की फिल्म 'जॉनी मेरा नाम' (1970) के साथ बॉलीवुड वापसी की.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं