विज्ञापन

25 साल पुराना अलका याग्निक का सुपरहिट गाना, नारंगी-पीली रंग की साड़ी में मनीषा-माधुरी का डांस, देसी अंदाज ने बनाया सॉन्ग यादगार

माधुरी दीक्षित और मनीषा कोइराला का गाना ‘बड़ी मुश्किल बाबा बड़ी मुश्किल’ आज भी लोगों को झूमने पर मजबूर कर देता है. नारंगी साड़ी में माधुरी के डांस से शुरू होने वाले इस गाने में बाद में पीली साड़ी में मनीषा भी उन्हें जॉइन करती हैं. इसके बाद जो धमाका होता है वह हिस्ट्री बन गया.

25 साल पुराना अलका याग्निक का सुपरहिट गाना, नारंगी-पीली रंग की साड़ी में मनीषा-माधुरी का डांस, देसी अंदाज ने बनाया सॉन्ग यादगार
माधुरी दीक्षित और मनीषा कोइराला ने इस गाने को बना दिया यादगार

साल 2001 में आई फिल्म ‘लज्जा' अपनी दमदार कहानी और शानदार गानों के लिए आज भी याद की जाती है. इसी फिल्म का एक गाना ऐसा था, जिसने अपनी धुन और देसी अंदाज से दर्शकों का दिल जीत लिया. गाने के बोल थे ‘बड़ी मुश्किल बाबा बड़ी मुश्किल'. अलका याग्निक की आवाज, अनु मलिक का संगीत और समीर के बोल ने इसे खास बना दिया. गाने में माधुरी दीक्षित और मनीषा कोइराला की जोड़ी देखने को मिली. दोनों की खूबसूरत अदाओं और डांस ने इस गाने को यादगार बना दिया. 25 साल बाद भी इसकी लोकप्रियता बरकरार है.

माधुरी के डांस से होती है गाने की शुरुआत

‘बड़ी मुश्किल बाबा बड़ी मुश्किल' गाने में माधुरी दीक्षित नारंगी रंग की साड़ी पहने नजर आती हैं. उनका देसी अंदाज और शानदार डांस देखते ही बनता है. गाने की शुरुआत माधुरी के डांस से होती है. वह अपने खास अंदाज में ठुमके लगाती हैं और अपनी अदाओं से महफिल में रंग जमा देती हैं. इसके बाद गाने में मनीषा कोइराला की एंट्री होती है. वह माधुरी को डांस करते हुए जॉइन करती हैं. दोनों अभिनेत्रियां साथ में अपने डांस और अदाओं से गाने की रौनक बढ़ा देती हैं. पर्दे पर दो खूबसूरत अभिनेत्रियों को एक साथ थिरकते देखना उस दौर के दर्शकों के लिए किसी खास तोहफे से कम नहीं था.

अलका याग्निक की आवाज ने गाने में डाली जान

इस गाने को अलका याग्निक ने गाया था. इसके बोल समीर ने लिखे थे, जबकि संगीत अनु मलिक ने तैयार किया था. गाने में कंगना, झुमका और पायल जैसे पारंपरिक गहनों का जिक्र मिलता है. इसकी धुन और बोल में देसी रंग साफ नजर आता है. यही वजह है कि यह गाना फिल्म से अलग भी अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहा. माधुरी और मनीषा की अदाओं के साथ अलका याग्निक की आवाज ने इसे 90 और 2000 के दशक के यादगार गानों में शामिल कर दिया.

‘लज्जा' में दोनों अभिनेत्रियों ने निभाए थे अहम किरदार

राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी ‘लज्जा' में माधुरी दीक्षित ने जानकी और मनीषा कोइराला ने वैदेही का किरदार निभाया था. फिल्म में रेखा, अजय देवगन, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ और महिमा चौधरी जैसे कलाकार भी नजर आए थे.

फिल्म की कहानी चार महिलाओं के जीवन और समाज में उनके साथ होने वाले भेदभाव के इर्द-गिर्द घूमती है. फिल्म ने महिलाओं की स्थिति और उनके अधिकारों जैसे मुद्दों को उठाया था. हालांकि फिल्म की कहानी गंभीर थी, लेकिन ‘बड़ी मुश्किल बाबा बड़ी मुश्किल' जैसे गाने ने दर्शकों को मनोरंजन का एक अलग रंग दिया. आज भी इस गाने को देखकर माधुरी और मनीषा की शानदार जुगलबंदी याद आ जाती है.

ये भी पढ़ें: 28 साल पुराना सोनू निगम-जसपिंदर नरूला का गाना, जिसने प्रीति जिंटा-बॉबी देओल को दिलाई पहचान, हर शादी-फंक्शन में हुआ था सुपरहिट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madhuri Dixit, Manisha Koirala, Entertainment, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com