भोजपुरी सिनेमा में अपनी दमदार आवाज और शानदार अंदाज से पहचान बनाने वाले पवन सिंह आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं. उन्हें भोजपुरी इंडस्ट्री का पावर स्टार कहा जाता है. उनके गाने रिलीज होते ही सोशल मीडिया और यूट्यूब पर छा जाते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए पवन सिंह ने कितना संघर्ष किया है? उन्होंने महज 9 साल की उम्र में गांवों में गाना शुरू कर दिया था. उस समय उन्हें गाने के बदले सिर्फ 10 रुपये मिलते थे. 11 साल की उम्र में उन्होंने अपना पहला भोजपुरी गाना रिकॉर्ड किया था, जो बाद में काफी लोकप्रिय हुआ.
11 साल की उम्र में पवन सिंह ने गाया था पहला गाना
पवन सिंह के पहले भोजपुरी गाने का नाम ‘ओढ़निया वाली' है. उन्होंने साल 1997 में इस गाने को अपनी आवाज दी थी. उस समय उनकी उम्र महज 11 साल थी. खास बात यह है कि इस गाने के वीडियो में पवन सिंह खुद भी दिखाई दिए थे. हालांकि, उस दौर के उनके लुक को देखकर आज के पवन सिंह को पहचानना मुश्किल हो सकता है. इस गाने के बोल अशोक शिवपुरी ने लिखे थे, जबकि इसका संगीत अजीत सिंह और पवन सिंह ने तैयार किया था. छोटी उम्र में ही पवन सिंह की आवाज में जबरदस्त दम था. यही वजह है कि उनका यह शुरुआती गाना भी लोगों के बीच पसंद किया गया.
‘ओढ़निया वाली' का वीडियो बाद में टी-सीरीज हमार भोजपुरी के यूट्यूब चैनल पर साल 2017 में अपलोड किया गया था. इसके बाद से दर्शक लगातार इस गाने को सुन रहे हैं. कमेंट सेक्शन में भी फैंस पवन सिंह के पुराने दिनों और उनके संघर्ष को याद करते नजर आते हैं.
कई लोगों ने उनके सफर की तारीफ की है. एक फैन ने लिखा कि पवन सिंह ने अपने जीवन में काफी मेहनत की है और उनका पहला गाना सुनकर आज भी मजा आता है. वहीं, दूसरे यूजर ने उनके पुराने और आज के अंदाज की तुलना करते हुए लिखा कि वक्त के साथ वह कहां से कहां पहुंच गए.
कभी 10 रुपये मिलते थे, आज एक शो के लिए लेते हैं 15 लाख
पवन सिंह की सफलता के पीछे सालों की मेहनत और संघर्ष छिपा है. अपने करियर के शुरुआती दिनों में उन्हें गाना गाने के लिए सिर्फ 10 रुपये मिलते थे. धीरे-धीरे उनकी लोकप्रियता बढ़ी और एक गाने के लिए उन्हें 100 रुपये मिलने लगे. आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पवन सिंह एक गाने के लिए करीब 3 से 4 लाख रुपये तक फीस लेते हैं. वहीं, एक स्टेज शो के लिए उनकी फीस 15 लाख रुपये तक बताई जाती है. गांवों में छोटी रकम लेकर गाना शुरू करने वाले पवन सिंह का यह सफर भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री में उनकी लोकप्रियता की बड़ी मिसाल है.
‘लॉलीपॉप लागेलू' से ‘छलकता हमरो जवनिया' तक
पवन सिंह ने अपने करियर में कई ऐसे गाने दिए हैं, जिन्होंने भोजपुरी म्यूजिक को देश ही नहीं, विदेशों तक पहचान दिलाई. उनके गानों की लोकप्रियता का अंदाजा यूट्यूब पर मिलने वाले करोड़ों व्यूज से लगाया जा सकता है.
पवन सिंह के फेमस गाने:
लॉलीपॉप लागेलू: पवन सिंह के सबसे लोकप्रिय गानों में शामिल इस गाने को 283 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले हैं.
छलकता हमरो जवनिया: इस गाने को यूट्यूब पर 76.7 करोड़ से अधिक बार देखा जा चुका है.
रात दिया बुताके: यह गाना 63 करोड़ से ज्यादा व्यूज हासिल कर चुका है.
घाघरी: इस गाने को करीब 120 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं.
सॉरी सॉरी: पवन सिंह के इस गाने को 41 मिलियन से अधिक बार देखा गया है.
छिल देबू का: इस गाने को भी यूट्यूब पर 9.6 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले हैं.
कभी गांवों में 10 रुपये लेकर गाना गाने वाले पवन सिंह आज भोजपुरी इंडस्ट्री के सबसे चर्चित सितारों में गिने जाते हैं. उनका ‘ओढ़निया वाली' से शुरू हुआ सफर बताता है कि लगातार मेहनत और लगन से छोटे से शुरुआत करके भी बड़ी पहचान बनाई जा सकती है.
ये भी पढ़ें: राज कुमार हर किसी को क्यों कहते थे जानी? वजह पता होती तो पकड़ लेते गिरेबान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं