हॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय सुपरहीरो स्पाइडर-मैन की आगामी फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' के रिलीज़ होने से पहले सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट इंडिया ने भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल के साथ एक खास कैंपेन लॉन्च किया है. इस अनोखे सहयोग में क्रिकेट और सिनेमा की दुनिया का दिलचस्प संगम देखने को मिला है. अभियान के तहत जारी किए गए विशेष वीडियो में केएल राहुल को उस स्थिति का सामना करते हुए दिखाया गया है, जहां पूरी दुनिया उन्हें भूल चुकी है. यह कहानी स्पाइडर-मैन के किरदार पीटर पार्कर के संघर्ष से प्रेरित है, जिसने प्रशंसकों के बीच उत्सुकता और बढ़ा दी है.
वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे एक मशहूर क्रिकेटर होने के बावजूद केएल राहुल अचानक ऐसी दुनिया में पहुंच जाते हैं, जहां लोग उन्हें पहचानना बंद कर देते हैं. यह स्थिति दर्शकों को सीधे उस भावनात्मक सफर की याद दिलाती है, जिससे पीटर पार्कर गुजरा था. यही वजह है कि यह कैंपेन केवल फिल्म के प्रचार तक सीमित नहीं है, बल्कि पहचान, जिम्मेदारी और संघर्ष जैसे मानवीय मूल्यों को भी सामने लाता है. स्पाइडर-मैन के प्रति अपने लगाव को लेकर केएल राहुल ने खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि भारत के लाखों प्रशंसकों की तरह वे भी बचपन से स्पाइडर-मैन को देखते और पसंद करते आए हैं.
राहुल के अनुसार,उन्हें इस सुपरहीरो की कहानियां केवल उसके रोमांचक एक्शन और एडवेंचर की वजह से नहीं बल्कि उसके सिद्धांतों और मूल्यों के कारण भी आकर्षित करती रही हैं. राहुल ने कहा, “महान शक्ति के साथ महान जिम्मेदारी भी आती है” स्पाइडर-मैन की यह सीख उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है. उन्होंने बताया कि अपने करियर के विभिन्न चरणों में इस विचार ने उन्हें प्रेरित किया है और वे इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने का प्रयास करते हैं. एक पेशेवर खिलाड़ी के रूप में मैदान पर प्रदर्शन हो या निजी जीवन में जिम्मेदारियों का निर्वहन, यह संदेश उनके लिए हमेशा प्रासंगिक रहा है.
सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट इंडिया के साथ इस विशेष सहयोग के बारे में बात करते हुए राहुल ने कहा कि जब उन्हें ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' के लिए अभियान का प्रस्ताव मिला, तो निर्णय लेना बेहद आसान था. उनके मुताबिक स्पाइडर-मैन ऐसा किरदार है जिसने दशकों से दुनिया भर की पीढ़ियों को प्रेरित किया है और उसके साथ जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है.
राहुल ने अपने जीवन के नए अध्याय का जिक्र करते हुए कहा कि अब एक पिता होने के नाते यह सहयोग उनके लिए और भी ज्यादा खास बन गया है. उन्होंने कहा कि वे उस दिन का इंतजार कर रहे हैं जब उनकी बेटी इतनी बड़ी हो जाएगी कि वे उसके साथ बैठकर स्पाइडर-मैन की फिल्म देख सकें. राहुल का मानना है कि जिस सुपरहीरो ने उनके बचपन को प्रभावित किया, उसी विरासत को वे अपनी अगली पीढ़ी तक पहुंचाना चाहेंगे. फिल्म की बात करें तो ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' में दर्शकों को पीटर पार्कर की जिंदगी का एक नया और भावनात्मक अध्याय देखने को मिलेगा. कहानी ऐसे दौर को दर्शाएगी, जहां पीटर एक ऐसी दुनिया का सामना करता है जो पहले से बिल्कुल अलग है. पहचान, अकेलापन और जिम्मेदारी के बीच उसका संघर्ष फिल्म का प्रमुख आकर्षण माना जा रहा है.
टॉम हॉलैंड अभिनीत यह फिल्म पहले से ही दुनियाभर के मार्वल और स्पाइडर-मैन प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. भारत में भी फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. केएल राहुल के साथ किया गया यह विशेष प्रचार अभियान भारतीय दर्शकों के लिए फिल्म को और अधिक करीब लाने का प्रयास माना जा रहा है. गौरतलब है कि ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' 30 जुलाई को भारत में रिलीज़ होगी. फिल्म को अंग्रेज़ी के साथ-साथ हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी प्रदर्शित किया जाएगा. ऐसे में देशभर के दर्शकों को अपने पसंदीदा सुपरहीरो के नए सफर का आनंद अपनी पसंदीदा भाषा में लेने का अवसर मिलेगा.
क्रिकेट के स्टार केएल राहुल और दुनिया के सबसे लोकप्रिय सुपरहीरो स्पाइडर-मैन का यह अनूठा मेल निश्चित रूप से दर्शकों और प्रशंसकों के लिए यादगार साबित होने वाला है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं