विज्ञापन

पान मसाला विज्ञापन विवाद में फंसे अजय देवगन, FDA के नोटिस के खिलाफ पहुंचे हाई कोर्ट

पान मसाला विज्ञापन विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है. FDA के नोटिस के खिलाफ अजय देवगन ने बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है, जबकि इस मामले में शाहरुख खान और टाइगर श्रॉफ का नाम भी जुड़ा हुआ है. अब तीनों सितारों पर नियमों के उल्लंघन के आरोपों ने विवाद को और गर्मा दिया है.

पान मसाला विज्ञापन विवाद में फंसे अजय देवगन, FDA के नोटिस के खिलाफ पहुंचे हाई कोर्ट
पान मसाला विज्ञापन विवाद में फंसे अजय देवगन

बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन एक बार फिर पान मसाला विज्ञापन विवाद को लेकर कानूनी मुश्किलों में घिर गए हैं. महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के नोटिस के खिलाफ उन्होंने बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया है. इस मामले में शाहरुख खान और टाइगर श्रॉफ का नाम भी शामिल है. तीनों अभिनेता विमल इलायची के विज्ञापन में नजर आए थे. FDA का आरोप है कि इस विज्ञापन के जरिए पान मसाला का प्रचार किया जा रहा है. अब इस मामले में FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने तीनों कलाकारों के खिलाफ नियमों के उल्लंघन की बात कही है.

क्या है पूरा विवाद?

दरअसल, महाराष्ट्र में पान मसाला और तंबाकू से जुड़े कुछ उत्पादों पर प्रतिबंध है. ऐसे में विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर FDA ने सवाल उठाए थे. विभाग का कहना है कि इलायची के नाम पर दिखाए जा रहे विज्ञापन से विमल पान मसाला का प्रचार हो रहा है. इसी वजह से 11 अगस्त को शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को नोटिस जारी किए गए थे. उनसे विज्ञापन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए थे और प्रचार सामग्री हटाने को भी कहा गया था.

FDA ने क्या कहा?

FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे के मुताबिक, तीनों अभिनेताओं ने विज्ञापन से जुड़े मामले में अपने बयान दर्ज कराए हैं. विभाग ने उनके जवाबों की समीक्षा करने और सुनवाई के बाद नियमों के उल्लंघन का निष्कर्ष निकाला है. FDA का कहना है कि विज्ञापन में शामिल होने वाले कलाकारों की भी जिम्मेदारी होती है कि वे जिस उत्पाद का प्रचार कर रहे हैं, उसके बारे में सही जानकारी रखें.

पहले भी उठ चुका है सवाल

विमल के विज्ञापन को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है. साल 2022 में अक्षय कुमार ने विमल के विज्ञापन में शामिल होने के बाद आलोचना का सामना किया था. इसके बाद उन्होंने माफी मांगते हुए विज्ञापन से दूरी बनाने की बात कही थी. अब अजय देवगन के हाई कोर्ट पहुंचने के बाद इस मामले में कानूनी लड़ाई और आगे बढ़ सकती है.

ये भी पढ़ें: 30 साल पुराना गाना, 22 साल की करिश्मा कपूर के हिंदुस्तानी अंदाज ने दिया था 90s का सुपरहिट सॉन्ग, कविता कृष्णामूर्ति की आवाज से बना अमर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ajay Devgn, Shah Rukh Khan, Tiger Shroff, Entertainment, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com