पाकिस्तानी एक्ट्रेस वीना मलिक इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं क्योंकि उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने वजन और बॉडी को लेकर लगातार हो रही ऑनलाइन ट्रोलिंग पर बात करते हुए एक लाइव टीवी प्रसारण के दौरान रो पड़ीं. इमोशनल होने के बाद उन्होंने कैमरों के सामने अपनी हाई हील्स उतारीं और मेकअप को ऑन कैमरा साफ कर दिया. इसके साथ ही उन्होंने टोलर्स को चुनौती दी कि अब वह उनके लुक्स पर कमेंट करें. बता दें कि यह घटना एक्ट्रेस के मॉर्निंग शो 'वीना है ना' के दौरान हुई, जो पाकिस्तानी टीवी चैनल पर प्रसारित होता है.
वीना मलिक का वायरल वीडियो
42 वर्षीय एक्ट्रेस वीना मलिक वीडियो में काफी परेशान दिख रही हैं. वहीं उन्होंने सोशल मीडिया पर पिछले कई महीनों से झेल रही आलोचनाओं के बारे में बात करते हुए नजर आईं. इसके बाद वह अपनी कुर्सी से उठीं, अपनी हाई हील्स उतारीं और उन्हें कैमरे के सामने दिखाया और कहा, "आप लोगों ने सिर्फ मेरा वजन देखा है. अब मैं अपनी हील्स उतार देती हूं, ताकि आप मेरी लंबाई देख सकें."
इसके बाद वह अपनी सीट पर वापस लौटकर मेकअप हटाने वाले वाइप्स उठाए और अपना चेहरा साफ करने लगीं. उन्होंने अपनी नकली पलकें और बाकी मेकअप भी हटा दिया और ट्रोल करने वालों को चुनौती दी कि अब वह बिना मेकअप के उनके लुक्स पर कमेंट करके दिखाएं. उन्होंने कहा, "मुझे मोटी कहो, सांवली कहो या बदसूरत कहो. जो मन में आए, वो कहो. इन कमेंट्स का मेरे लिए कोई मतलब नहीं है, क्योंकि इन लोगों का मेरी जिंदगी में कोई योगदान नहीं है."
वीना मलिक हो रहीं ट्रोलिंग का शिकार
बताया जा रहा है कि यह घटना उनके बदलते रूप को लेकर हफ्तों तक हुई आलोचनाओं के बाद सामने आई है. इस महीने की शुरुआत में, मलिक ने अपने शो में 'बॉडी-शेमिंग' पर बात की थी. उन्होंने कहा था कि वजन का बढ़ना और कम होना जीवन का एक नॉर्मल हिस्सा है और सवाल उठाया था कि लोगों को महिलाओं के शरीर पर टिप्पणी करने का हक कैसे महसूस होता है.
वीना मलिक का भारत कनेक्शन
जो लोग नहीं जानते उन्हें बता दें कि वीना मलिक भारतीय टेलीविजन दर्शकों के बीच एक जाना-पहचाना चेहरा हैं. वह 2010 में 'बिग बॉस' के चौथे सीजन में नजर आ चुकी हैं. सलमान खान द्वारा होस्ट किए गए इस रियलिटी शो में वह सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली कंटेस्टेंट्स में से एक थीं. शो के दौरान साथी कंटेस्टेंट अश्मित पटेल के साथ उनकी नजदीकियों ने भी काफी ध्यान खींचा था. इसके बाद वह हिंदी फिल्मों में 'दाल में कुछ काला है', 'जिंदगी 50-50' और 'सुपर मॉडल' शामिल हैं. इसके अलावा, उन्होंने कन्नड़ फिल्म 'डर्टी पिक्चर: सिल्क सक्कथ मगा' और हॉरर फिल्म 'मुंबई 125 KM 3D' में भी काम किया है.
ये भी पढ़ें- सतिंदर सरताज का पंजाबी गाना, एक लाइन गाकर वायरल, बिलबोर्ड की लिस्ट में हुआ था शामिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं